तीन जगह पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट, मां बेटी समेत चार घायल
तीनों मामलों में नौ नमजद सहित 26 पर केस
यमुनानगर। तीन जगहों पर पुरानी रंजिश को लेकर हमले में मां-बेटी समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने नौ लोगों को नामजद करते हुए 17 अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव सुलतानपुर निवासी कुलदीप सिंह ने थाना रादौर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव बुबका के संदीप के साथ कुछ दिन पहले उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। तब बीच बचाव कर मामला निपट गया था। एक जून को वह किसी काम से रादौर में गया था। तभी वहां पर संदीप अपने भाई सुमित, पिता सुभाष चंद, रविंद्र व उसके भाई प्रदीप के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोग उसे छुड़ाने आए तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संदीप, सुमित, सुभाष चंद, रविंद्र व प्रदीप के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
वहीं, खिजराबाद निवासी नीलम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पड़ोस में रहने वाली वीना, नंदिनी ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर उस पर घर में घुस कर हमला कर दिया। उसे छुड़ाने के लिए जब उसकी मां आई तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। परिजनों ने उन दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वीना व नंदिनी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
उधर, गांव भूड़ माजरा निवासी राजेंद्र कुमार ने थाना खिजराबाद पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह किसी काम से बल्लेवाला में गया था। मौका पाकर गांव धौलरा के मंजीत व भूरा ने अपने 10-15 अन्य साथियों के साथ मिलकर उस पर पुरानी रंजिश के चलते तलवारों व डंडों से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी उसे धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। इसकी शिकायत उसने थाने में दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंजीत व भूरा को नामजद करते हुए 10-15 अन्य पर केस दर्ज किया है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।