पेड़ से लटका मिला युवक का शव, नहीं हो पाई शिनाख्त
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। कैनाल रेस्ट हाउस के पास बुधवार सुबह पेड़ से एक युवक का शव लटका हुआ मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और उसकी तलाशी ली। लेकिन उसके पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं किया गया। पुलिस ने आसपास के लोगों को उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया। लेकिन शिनाख्त नहीं हुई। शिनाख्त न होने पर शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसएचओ ओमप्रकाश ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि पश्चिमी यमुना नहर स्थित कैनाल रेस्ट हाउस के नजदीक पेड़ से एक युवक का शव लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की जांच की। मौके पर फॉरेंसिंग टीम को बुलाया गया। जिन्होंने आस पास से तथ्य जुटाए। पुलिस ने शव की तलाशी ली लेकिन उसके पास से कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। इसके अलावा ना ही उसके पास से सुसाइड नोट बरामद किया गया। आस पास के लोगों से पूछताछ करने पर भी उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस के अनुसार युवक ने पेड़ से फंदा लगाया हुआ था और उसकी चप्पल नीचे जमीन पर पड़ी हुई थी। मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। जिसने काले रंग की टी शर्ट डाली हुई है।