हमीदा चौकी पर हमले के आरोपी बग्गा ने कैंप से युवती की अगवा, युवती बोली अपनी मर्जी से आई
पुलिस ने बग्गा के घर से बरामद की युवती, पुलिस ने केस दर्जकर की जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर।
फर्कपुर थाना क्षेत्र की कॉलोनी वीना नगर कॉलोनी से 21 वर्षीय युवती लापता हो गई। परिजनों ने कुछ दिन पहले हमीदा चौकी में घुसकर पुलिस कर्मियों से मारपीट करने व बाइक को आग लगाने के मुख्य आरोपी विक्रांत उर्फ बग्गा पर उसे अगवा करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी विक्रांत सहित तीन युवकों पर युवती को शादी का झांसा देकर अगवा करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया। देर शाम पुलिस ने युवती को आरोपी बग्गा के घर से बरामद कर लिया। मजिस्ट्रेट बयान में युवती ने अपनी मर्जी से जाने की बात कही है।
फर्कपुर के कैंप की वीना नगर कॉलोनी निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 अप्रैल को आत्मापुरी कॉलोनी हमीदा निवासी विक्रांत उर्फ बग्गा अपने साथी रमेश कुमार व दो अन्य युवकों के साथ उनके घर पर आया। आरोपी उसकी 21 वर्षीय बेटी को शादी का झांसा देकर अगवा कर ले गए। उसने आरोपी से बात की तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने बग्गा सहित चार युवकों पर केस दर्ज किया। पुलिस बग्गा के घर पहुंची। जहां से युवती को बरामद कर लिया गया। युवती ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मर्जी से बग्गा के साथ आई थी। पुलिस ने युवती के 164 के बयान करवाए हैं।
बता दें कि विक्रांत उर्फ बग्गा पर कई हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं। हाल ही में आरोपी ने हमीदा चौकी पर हमला कर दो पुलिस कर्मियों को घायल किया था। इसके बाद वहां से अपने एक साथी को छुड़ाकर बाइकों में आग लगाई थी। इस मामले में आरोपी बग्गा पुलिस गिरफ्त से बाहर है।