बेटे को पुलिस में सिपाही की नौकरी दिलवाने के नाम पर रिटायर्ड ईएएसआई की पत्नी से हड़पे डेढ़ लाख रुपये
- पुलिस विभाग में उच्च अधिकारियों से जान पहचान होने पर दो लोगों ने झांसा देकर दस लाख में तय किया था सौदा
नौकरी न दिलवाने पर ईएएसआई की पत्नी ने दोनों आरोपियों पर कराया धोखाधड़ी का केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। बेटे को पुलिस विभाग में सिपाही की जॉब दिलवाने के नाम पर रिटायर्ड ईएएसआई की पत्नी से दो लोगों ने डेढ़ लाख रुपये लेकर हड़प लिए। आरोपियों ने पुलिस विभाग में उच्चाधिकारियों ने अच्छी जान पहचान होने का ईएएसआई की पत्नी को झांसा देकर फंसाया। नौकरी लगवाने का कुछ सात लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। जिसमें से आरोपियों ने डेढ़ लाख रुपये ले लिए। लेकिन दो साल तक पीड़िता के बेटे की जॉब नहीं लगवाई। जॉब न लगने पर जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। महिला ने शिकायत पुलिस को दी, पुलिस ने दोनों आरोपियों पर धोखाधड़ी का केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव सुघ माजरी निवासी केला देवी ने फर्कपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति शिवराम पुलिस विभाग से ईएएसआई रिटायर्ड थे। कुछ साल पहले उनकी मौत हो गई थी। वर्ष 2016 में वह बेटे को नौकरी दिलाने की तलाश में थी। इस दौरान उसकी मुलाकात नाहरपुर निवासी रणजीत से हुई। रणजीत ने उसे बताया कि वह एक ऐसे व्यक्ति को जानता है, जिसकी सरकारी विभागों में उच्चाधिकारियों से जान पहचान है, वह उसके बेटे को नौकरी पर लगवा देंगे। इसके बाद आरोपी ने उसकी मुलाकात शिवपुरी बी कॉलोनी निवासी सूरजपाल राणा से करवाई। सूरजपाल राणा ने उसे बताया कि उसकी पुलिस विभाग में उच्चाधिकारियों से काफी जान पहचान है। वह उसके बेटे को पुलिस में सिपाही की नौकरी दिलवा देंगे। वह आरोपियों की बातों में आ गई। इस दौरान आरोपी ने उसके बेटे को सिपाही की नौकरी दिलवाने के नाम पर सात लाख रुपये की मांग की। सात लाख रुपये में सौदा तय हो गया। इस दौरान आरोपी ने उससे उसके बेटे का बायोडाटा, फोटो, शिक्षा व अन्य प्रमाणपत्रों की प्रतिलिपियां व अन्य दस्तावेज मांगे। वहीं एक आवेदन फार्म भरवाया। आरोपी ने उस समय उससे एडवांस में डेढ़ लाख रुपये मांगे। उसने 11 मार्च 2016 को उसने आरोपियों को डेढ़ लाख रुपये की नकदी व बेटे के दस्तावेजों की प्रतिलिपियां जमा करवा दी। आरोपियों ने कुछ दिनों बाद उसे बेटे की नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। काफी दिन बीतने के बाद भी उसके बेटे को नौकरी नहीं मिली और ना ही कोई इंटरव्यू हुआ। जब उसने इस बारे आरोपियों से बात की तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। परेशान होकर उसने आरोपियों से पैसे वापस मांगे, मगर उन्होंने पैसे देने से साफ मना कर दिया और दोबारा पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। उसने मामले की शिकायत फर्कपुर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एएसआई वेदपाल का कहना है कि केस दर्जकर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।