हेज उत्पीड़न मामले में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर।
सदर थाना क्षेत्र के गांव रायपुर निवासी महिला ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे पीटकर घर से निकालने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है।
गांव रायपुर की दिलशाना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 मार्च 2009 को उसकी शादी मुकारमपुर निवासी अमजद से हुई थी। शादी में दिए सामान से ससुराल वाले खुश नहीं थे। कुछ दिन बाद ही वे और कीमती सामान लाने के लिए प्रताड़ित करने लगे। कई वर्ष तक उसके मायके वाले आरोपियों की कई छोटी-बड़ी मांग पूरी करते रहे। लेकिन आरोपी खुश नहीं हुए और एक दिन उसे पीटकर घर से निकाल दिया। पुलिस ने दिलशाना की शिकायत पर उसके आरोपी पति अमजद, ससुर यामीन, देवर अरशद व दो अन्य लोगों दिलशाद व सरवरी के खिलाफ केस दर्ज किया है।