ट्यूशन पढ़ने जा रही छात्राओं की स्कूटी पर ट्रॉली से गिरी चावल की बोरी, छात्रा की मौत
- शहर के बीच से निकल रहे नेशनल हाईवे 73 पर पंचायत भवन के नजदीक हुआ हादसा
- घटनास्थल पर न सड़क समतल, पुराना स्पीड ब्रेकर भी बना हादसे की वजह
- जगाधरी के एसडी पब्लिक स्कूल की 12वीं कॉमर्स की छात्रा थी रिमझिम, सहेली गुंजन के साथ कन्हैया चौक पर पढ़ने जा रही थी ट्यूशन -
हेड इंजरी और कूल्हे की हड्डी टूटने से हुई मौत-
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर।
जगाधरी से कन्हैया साहिब चौक के नजदीक ट्यूशन पढ़ने जा रही 12वीं की दो छात्राओं की स्कूटी पर ट्रैक्टर ट्रॉली से चावल से भरी बोरी गिर गई। हादसे मेें एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे आसपास के लोगों ने निजी अस्पताल में पहुंचाया। जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। मृतक छात्रा दो भाइयों की इकलौती बहन थी। हादसा शनिवार सुबह पौने सात बजे नेशनल हाईवे 73 पर पंचायत भवन के नजदीक हुआ। जहां हादसा हुआ, वहां स्पीड ब्रेकर है। ट्रैक्टर ट्रॉली में क्षमता से अधिक चावलों की बोरियां लदी हुई थीं। हादसे में स्कूटी पर सवार दूसरी छात्रा को मामूली चोटें लगी है। इस हादसे से वह सदमे में है। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्राली चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्जकर ट्रैक्टर ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया।
जगाधरी की गोमती मोहल्ला निवासी रिमझिम (17) जगाधरी के एसडी पब्लिक स्कूल की 12वीं कक्षा की कॉमर्स की छात्रा थी। वह कन्हैया साहिब चौक के नजदीक ट्यूशन पढ़ती थी। शनिवार सुबह वह अपनी सहेली जैसको कॉलोनी निवासी गुंजन के साथ उसकी स्कूटी पर ट्यूशन जा रही थी। शहर के बीचों बीच से निकल रहे चंडीगढ़ रूड़की नेशनल हाईवे 73 पर पंचायत भवन के नजदीक चावल की बोरियों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को क्रॉस करने लगीं तो ब्रेकर पर ट्रॉली उछलने से एक बोरी स्कूटी पर गिर गई। दोनों छात्राएं स्कूटी सहित सड़क पर गिर गईं। रिमझिम का सिर सड़क में जा लगा। उसके सिर में गहरी चोट लगी। गुंजन को मामूली चोट आईं। दोनों छात्राओं को नजदीक के निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां रिमझिम की कुछ देर के बाद मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर ड्राइवर के खिलाफ केस दर्जकर ट्रैक्टर ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम करने वाले डॉ. अरविंद ने बताया कि रिमझिम को हेड इंजरी के साथ-साथ कूल्हे की हड्डी टूटी थी, जिस कारण उसकी मौत हो गई।
अगले माह थी परीक्षा, स्कूल से किया हुआ था फ्री :
गोमती मोहल्ला निवासी हरीश ने बताया कि उसकी बेटी रिमझिम एसडी पब्लिक स्कूल जगाधरी में 12वीं कॉमर्स की छात्रा है। अगले माह से परीक्षा शुरू हो रही है। इसलिए स्कूल में फ्री किया हुआ है। परीक्षा नजदीक आने पर वह कन्हैया साहिब चौक के पास ट्यूशन पढ़ती थी। उसकी बेटी पढ़ने में होशियार थी।
घर से जाने के 20 मिनट बाद आई हादसा होने की सूचना :
हरीश ने बताया कि शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे रिमझिम अपनी सहेली गुंजन की एक्टिवा पर सवार होकर ट्यूशन के लिए घर से निकली थी। अभी घर से गए हुए उन्हें 20 मिनट ही हुए थे कि फोन आया रिमझिम हादसे में घायल हो गई। वे अस्पताल पहुंचे तो वहां पर बेटी की मौत हो चुकी थी। जैसे ही रिमझिम की मौत का पता गोमती मोहल्ले को लोगों को लगा तो वहां पर माहौल गमगीन हो गया। रिमझिम अपने माता-पिता की एक ही बेटी थी। उसके दो भाई हैं।
हाईवे पर है पुराना स्पीड ब्रेकर, सीवर धंसने से सड़क नहीं है समतल
-सात महीने पहले जा चुकी है एक महिला की जान-
जहां पर हादसा हुआ बीते बरसाती सीजन में यहां पर सड़क सीवरेज लाइन होने के कारण धंस गई थी। उस समय सड़क की मरम्मत की गई। इसके कारण यहां सड़क समतल नहीं है। वहीं, पास ही में काफी पुराना स्पीड ब्रेकर भी है। सड़क समतल न होने व स्पीड ब्रेकर होने के कारण यहां से गुजरते समय वाहन जंप करते हैं। इस स्थान पर करीब सात महीने पहले एक स्कूटी सवार महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई थी। लेकिन उसके बाद भी प्रशासन ने सड़क की मरम्मत कराना मुनासिब नहीं समझा। बता दें कि यहां पर हुडा सेक्टर 17, गोबिदंपुरा की तरफ से आने वाली सड़क आकर नेशनल हाईवे पर मिलती है। इसीलिए चौक काफी व्यस्त है। इस चौक से मात्र 150 मीटर की दूरी पर डीसी कैंपस ऑफिस व सौ मीटर की दूरी पर लघु सचिवालय है।
कुल्हे से टूटे हुई है टांग, सिर में गहरी चोट
जांच अधिकारी एएसआई शिवधन ने बताया कि आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। चावल से लोड ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। चालक मौके से फरार हो गया था। पोस्टमार्टम में छात्रा की टांग कूल्हे से टूटी है। इसके अलावा छात्रा के सिर में गहरी चोट लगी है। हेड इंजरी से छात्रा की मौत हुई है।