युवती को नशीला पदार्थ सुंघाकर अगवा करने के प्रयास में दो युवकों पर केस
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर।
जगाधरी की गंगा नगर कॉलोनी में युवती को नशीला पदार्थ सुंघा कर अगवा करने के प्रयास में पुलिस ने एक नामजद सहित दो युवकों पर केस दर्ज किया है। घटना छह जनवरी की रात की है। सात जनवरी को परिजनों ने महिला हेल्पलाइन पर सूचना दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुी थी। इसके बाद परिजनों ने एसपी को शिकायत दी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
पीड़िता के भाई ने बताया कि 18 दिसंबर को कॉलोनी का जयभगवान उसकी 16 वर्षीय बहन को शादी का झांसा देकर अगवा करके ले गया था। उन्होंने थाने में आरोपी जयभगवान के खिलाफ अगवा केस दर्ज करवाया था। आरोप है कि जयभगवान के भाई अमित ने दो दिन पहले उन्हें धमकी दी थी कि उसकी बड़ी बहन को वो घर से उठाकर ले जाएगा। इसकी शिकायत उसी दिन बुड़िया चौकी में दी थी। पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
आरोप है कि छह जनवरी की रात उसकी 18 वर्षीय बड़ी बहन घर के चौबारे में मां के साथ सोई हुई थी। रात को जयभगवान का भाई अमित अपने एक साथी के साथ घर में घुस आया। उसने कपड़े पर कुछ नशीला पदार्थ सुंघा कर उसकी बहन को बेहोश करना चाहा। शोर मचाने पर जब वे जागे तो आरोपी वहां से भाग निकले। सुबह होने पर इसकी शिकायत लेकर बुड़िया चौकी में गए, परंतु पुलिस ने उसकी सुनवाई नहीं की। महिला हेल्पलाइन नंबर पर भी सूचना दी, लेकिन फिर भी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद शिकायत लेकर एसपी के दरबार पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।
इनसर्ट
किशोरी लापता, तीन पर केस दर्ज
साढौरा के गांव खंदरा से किशोरी लापता हो गई। परिजनों ने तीन युवकों पर शादी का झांसा देकर अगवा करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है। खंदरा निवासी व्यक्ति ने बताया कि 13 जनवरी की देर शाम उसकी बेटी गांव में किसी काम से गई थी, लेकिन उसके बाद लौटकर नहीं आई। उन्होंने उसकी तलाश की तो पता चला कि जामनावाला गांव के रहने वाले सलीम ने नागल के जाकिर और जामनावाला के ही ताहिर के साथ मिलकर उसकी बेटी को अगवा किया है। पुलिस ने तीनों पर केस दर्ज कर लिया है।