नौकरी न लगने पर रुपये मांगे तो प्लेसमेंट कराने वालों ने पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से रुपये ठग लिए गए। नौकरी न मिलने पर उसने रुपये मांगे तो प्लेसमेंट का दावा कराने वाली संस्था की हेड ने कर्मचारियों संग पिटाई की। युवक की शिकायत पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
रादौर क्षेत्र के गांव रामगढ़ निवासी जतिन ने शहर पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उसे पता चला था कि यमुनानगर बस स्टैंड स्थित हरियाणा जॉब प्लेसमेंट कार्यालय से युवाओं को प्राइवेट कंपनियों में नौकरी दिलाई जाती है। नौकरी के लिए उसने भी कार्यालय में बस स्टैंड अपना रेज्यूम जमा करा दिया। दस अगस्त को उसके पास इंटरव्यू देने के लिए कार्यालय से फोन आया। आरोपियों ने उसे 11 अगस्त को सिक्योरिटी के रूप में 2760 रुपये और दस्तावेज लेकर आने की बात कही। 11 अगस्त को वह कार्यालय में अपने दस्तावेज और 2760 रुपये लेकर आ गया। यहां अलिशा नाम की लड़की ने खुद को प्लेसमेंट हेड बताकर उसका इंटरव्यू लिया। इस दौरान आरोपियों ने उससे 2760 रुपये बतौर सिक्योरिटी जमा कराई। आरोपियों ने सात दिन में उसे प्राइवेट नौकरी दिलाने की बात कही, लेकिन सप्ताहभर में भी जॉब न लगने पर वह बीते रविवार को कार्यालय में गया। उसने इस संबंध में कार्यालय की हेड अलिशा से नौकरी न लगने की बात कही, लेकिन आरोपी ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। आरोप है कि, इसके बाद उसने सिक्योरिटी के रूप में जमा कराए गए 2760 रुपये वापस मांगे तो महिला ने अपने दो कर्मियों के साथ मिलकर उससे मारपीट की। इस दौरान कर्मचारियों ने उसके लिए अभद्र भाषा का प्रयोग भी किया और दोबारा रुपये मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। उसने सिविल अस्पताल में अपना मेडिकल कराया और शिकायत शहर पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद हरियाणा जॉब प्लेसमेंट कार्यालय की अलीशा और दो अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
फोन पर पुलिसकर्मी बनकर धमकाया
जतिन ने बताया कि कार्यालय में मारपीट होने से पहले नौकरी न मिलने पर उसने 16 अगस्त को कार्यालय में फोन किया। लेकिन उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। उसके कुछ देर बाद उसके पास 7015923364 मोबाइल नंबर से फोन आया। आरोपी ने फोन पर उसे बताया कि वे फर्कपुर थाना से बोल रहे है। आपके खिलाफ हरियाणा जॉब प्लेसमेंट कार्यालय की तरफ से शिकायत आई है। इस दौरान आरोपी ने उसे फोन पर धमकाया और उसे गालियां दी। इसकी पूरी रिकॉर्डिंग उसके पास है। इसके बाद उसके पास 8950820373 नंबर से फोन आया। इस बार फोन करने वाले आरोपी ने थाना शहर पुलिस का कर्मी बनकर उसे धमकाया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
केस दर्ज कर लिया है, जांच कर रहे हैं
जांच अधिकारी निर्मल सिंह का कहना है कि मामले में महिला सहित तीन पर मारपीट, अभद्र भाषा बोलने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्जकर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।