साठ वर्षीय महिला के संदिग्ध हालात में बाल कटे
अमर उजाला ब्यूरो
खिजराबाद। क्षेत्र के गांव कलेसर में गुरुवार रात एक बुजुर्ग महिला के सिर के बाल संदिग्ध हालात में कट गए। महिला को इस बारे में सुबह तब पता चला जब वह जागी। उसने इस बारे में अपने परिजनों को बताया। उधर, पुलिस ऐसे किसी मामले की सूचना न होने की बात कह रही है, जबकि एसपी ने ऐसे मामलाें को अफवाह बताया।
कलेसर निवासी कुसम ने बताया कि गुरुवार देर शाम वह रोज की तरह परिवार के साथ घर की छत पर बने मकान के बरामदे में सो गई थी। शुक्रवार अलसुबह वह नींद से जागी तो उसके सिर के कुछ बाल कटे हुए थे। उसने बताया कि बाल उसकी चारपाई पर पड़े थे। उसने इस संबंध में परिजनों को बताया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। खिजराबाद थाना प्रभारी विरेंद्र का कहना है कि अभी तक उनके पास किसी महिला के साथ इस प्रकार की कोई घटना होने की कोई शिकायत नहीं है। इस संबंध में अभी तक न तो किसी ने उनके पास फोन किया है और न ही कोई शिकायत दी है।