रेलवे में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर 14 लाख हड़पे
- पिता-पुत्र समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। महिला और एक युवक को रेलवे में नौकरी दिलवाने के नाम पर पिता-पुत्र ने अपनी एक महिला साथी के साथ मिलकर 14 लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस ने महिला की शिकायत पर तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
मंडेबर रोड फर्कपुर निवासी पुनीत कौर ने पुलिस को बताया कि वह और उसका परिचित नंदा कॉलोनी निवासी परविंद्र सिंह पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार की तलाश में थे। इस दौरान उनकी मुलाकात नंदा कॉलोनी निवासी प्रेम सिंह से हुई। उसने बताया कि उसकी रेलवे के उच्चाधिकारियों के साथ जान पहचान है। वह उन दोनों को रेलवे में नौकरी दिलवा देगा। वे आरोपी की बातों में आ गए। इस दौरान प्रेम सिंह ने उन्हें अपने लड़के अमरजीत सिंह और महिला साथी मनप्रीत कौर से मिलवाया। आरोपियों ने उन्हें जल्द ही रेलवे में नौकरी दिलवाने का आश्वासन दिया। इसके लिए आरोपियों ने उनसे 14 लाख रुपये मांगे। नौकरी मिलने के बहकावे में आकर उन्होंने आरोपियों को 14 लाख रुपयेे दे दिए, मगर काफी दिन बीतने के बाद भी आरोपियों ने उन्हें नौकरी पर नहीं लगवाया। जब उन्होंने इस बारे आरोपियों से बात की तो कोई संतोष जनक जवाब नहीं दिया। परेशान होकर आरोपियों से रुपये वापस मांगे तो मना कर दिया। जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच अधिकारी एएसआई सुरेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।