प्लांट पर सो रहे व्यक्तियों पर हमला, भाग कर बचाई जान
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। खंड के गांव नगली 32 में सोमवार आधी रात को दो दर्जन लोगों ने एक स्क्रीनिंग प्लांट पर सो रहे व्यक्तियों पर हमला बोल दिया। प्लांट में अंदर सो रहे व्यक्तियों ने भाग कर जान बचाई। मामले की सूचना मिलते ही एसएचओ बिलासपुर दीदार सिंह, रणजीतपुर चौकी प्रभारी सतपाल सिंह मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का दौरा कर कार्रवाई शुरू की।
नगली 32 के ग्रामीण असलम, सलामुदीन, हाजी मौलदीन, फकीरया, मौहम्मद, रहमदीन, मौहम्मद इस्लाम, भूरा खान, सलीम, नसार, मीरजान, यासीन, जाहीद, गुलामदीन, चुड़ाखान ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उनके गांव के पास मौजूदा सरपंच का स्क्रीनिंग प्लांट चल रहा था। कुछ दिन पहले जिला पुलिस कप्तान व प्रशासन ने अनियमितताओं के चलते उसे बंद करवा दिया था। उसी रंजिश के चलते सोमवार की आधी रात को लगभग दो दर्जन लोगों ने उनके प्लांट पर हमला बोल दिया। हमलावर दो तीन गाड़ियों में भरकर उनके प्लांट पर आए । यहां जोर-जोर से गाली देने लगे और उन्हें ललकारने लगे। आरोप है कि, हमलावरों ने उनके प्लाट पर लगे सीसीटीवी कैमरे की तारे तोड़ दी और दरवाजों पर पत्थर बरसाने लगे। उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। कुछ आदमी लोहे की रॉड लेकर उसके पीछे भागे। उनके जेसीबी के चालक के साथ मारपीट कर उनकी मशीन को नदी में ले गए और फोटो खींचने लगे और कहा कि तुम अवैध खनन करते हो। उन्होंने जेसीबी की हवा निकाल दी और मशीन में तोड़फोड़ की। आरोप है कि हमलावरों ने उनके कार्यालय में रखी अलमारी के ताले तोड़ उसमें रखी पचास हजार रुपये की नगदी भी चुरा ली है। थाना प्रभारी बिलासपुर दीदार सिंह का कहना है कि हमला होने की सूचना उन्हें मिली थी। दोनों पार्टियों ने बुधवार तक का समय मांगा है, उसके पश्चात ही आगामी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।