प्लाईवुड फैक्ट्री में ढही दीवार, मलबे में दबकर ठेकेदार की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। जोड़ियां नाके के पास प्लाईवुड फैक्ट्री में 12 फीट ऊंची दीवार गिराने के दौरान मलबे में ठेकेदार समेत तीन लोग दब गए। आनन-फानन में तीनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां ठेकेदार की मौत हो गई, जबकि दो जख्मी हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
कलेसर निवासी भरत राम ने बताया कि उसका बेटा संजीव (34) बिल्डिंग तोड़ने का ठेका लिया करता था। कुछ दिन पहले ही उसके बेटे को जोड़िया नाका स्थित इशान प्लाईवुड फैक्ट्री की पुरानी बिल्डिंग तोड़ने का ठेका मिला था। सोमवार देर शाम वह अपने साथी शिव नगर कॉलोनी निवासी छोटू, अमरपूरी कालोनी निवासी मोहम्मद नौशाद के साथ बिल्डिंग की दीवार तोड़ने गया था। जब वे बिल्डिंग की दीवार तोड़ रहे थे, तभी दीवार ढह गई। इसमें संजीव, छोटू और मोहम्मद नौशाद दब गए। दीवार के ढहने का शोर सुनकर प्लाईवुड फैक्ट्री में काम कर रहे अन्य मजूदर वहां पहुंचे और तीनों को मलबे से बाहर निकाला। देर रात घायलों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। जहां ठेकेदार संजीव को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं छोटू और मोहम्मद नौशाद को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं मंगलवार सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया।
दूसरे मजदूरों ने भागकर बचाई जान
जश्मदीद घायल मजदूर नौशाद ने बताया कि वे फैक्ट्री में पुरानी बिल्डिंग तोडने का काम कर रहे थे। जब वे दीवार तोड़ रहे थे तो वह गिर गई और तीनों उसके नीचे दब गए। फैक्ट्री में काम कर रहे अन्य मजदूरों ने भाग कर जान बचाई। लेकिन नौशाद बिल्कुल दीवार के नीचे था वो वही दब गया और उसकी मौत हो गई।
किसी की जान की नहीं परवाह..
फैक्ट्रियों में मजदूर की सुरक्षा की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जाता। मजदूरों को सुरक्षा का कोई साजो सामान नहीं दिया गया है। अधिकतर फैक्ट्रियों में मजदूरों को न तो सिर पर पहनने के लिए हेल्मेट दिया जाता है और न ही हाथों में पहनने के लिए दस्ताने और पांव के लिए जूते आदि दिए जाते हैं।
जोड़ियां स्थित फैक्ट्री में दीवार गिरने से दबे मजदूरों की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। हादसे में ठेकेदार की मौत हो गई, जबकि अन्य मजदूर घायल हो गए। मृतक मजदूर के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों के हवाले कर दिया। मामले की जांच की जा रही है।
- इंस्पेक्टर राकेश कुमार, एसएचओ, थाना फर्कपुर।