डिटेक्टिव स्टाफ ने लूट, डकैती, वाहन चोरी और स्नैचिंग की वारदात में शामिल रहे अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना और उसके चार साथियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन्हें सदर जगाधरी थाना क्षेत्र में एक सुनसान जगह से पकड़ा है। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर दो राउंड फायर भी किए। आरोपी हरियाणा और पंजाब में कई वारदात अंजाम दे चुके हैं। कुछ दिन पहले सेक्टर 18 में एक एडवोकेट से गन प्वाइंट पर कार लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
डिटेक्टिव स्टाफ के इंचार्ज संदीप कुमार को सूचना मिली थी की पांच संदिग्ध व्यक्ति गांव शाहपुर के नजदीक सुनसान जगह पर मौजूद हैं। स्टाफ के उप निरीक्षक दीदार के नेतृत्व में पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्तियों ने उन पर गोली चला दी। पुलिस कर्मचारी बाल-बाल बचे। पुलिस ने घेराबंदी को पांचों को काबू कर लिया। इनकी पहचान लेबर कॉलोनी निवासी वरुण उर्फ विशु, शिवपुरी निवासी मलकीत सिंह, जसवंत कॉलोनी निवासी साहिल, बैंक कॉलोनी निवासी सुभम पंडित और कृष्णा कॉलोनी निवासी गगन के रूप में हुई। इनके कब्जे से चार कट्टे और कुछ कारतूस मिले हैं।
संदीप कुमार ने बताया कि इन्हें कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। इनसे अन्य जिलों और पंजाब में की गई वारदात के बारे में पूछताछ की जा रही है।
अंबाला और पंजाब में की फायरिंग
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदात को अंजाम देने की बात कबूली है। बदमाशों ने बताया कि उनका सरगना वरुण है। इन्होंने पिस्तौल के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। पंजाब के मोहाली जिले के तहत खेलण मालण गांव में एक व्यक्ति पर फायरिंग की थी। इसके अलावा वरुण ने अंबाला के मुलाना में एक युवक पर फायरिंग की थी।
इन वारदात को दिया अंजाम
थाना फर्कपुर क्षेत्र के कांसापुर से एक व्यक्ति से कैश व मोबाइल लूटा।
थाना फर्कपुर क्षेत्र में कैत मंडी से एक व्यक्ति से नकदी व मोबाइल लूटा।
थाना फर्कपुर क्षेत्र में ज्योति पैलेस के नजदीक एक शराब ठेके से नकदी व मोबाइल लूटा।
थाना छप्पर क्षेत्र में दराजपुर के नजदीक एक व्यक्ति से मोटरसाइकिल व मोबाइल लूटा।
थाना शहर जगाधरी के सेक्टर 17 से एक महिला से नकदी व मोबाइल लूटा।
थाना शहर जगाधरी के सेक्टर 18 से एक व्यक्ति से मोबाइल व पर्स छीना।
सेक्टर 18 में एक एडवोकेट की कार लूटी।
थाना शहर यमुनानगर के शिवाजी पार्क इलाके में एक व्यक्ति से एक्टिवा छीनी।
थाना शहर जगाधरी मेें पेट्रोल पंप के नजदीक एक महिला के गले से सोने की सेन झपटी।