मशीन बेचने के बहाने घर में घुसे दो युवकों ने घर पर अकेली आंगनबाड़ी वर्कर को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेसुध कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने महिला के लाखों रुपये के जेवर व घर पर रखी करीब 40 हजार रुपये की नकदी चुरा ली। होश आने पर महिला ने इसकी सूचना पुलिस व अपने चाचा ससुर को दी। पुलिस ने मामले में दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार खिजराबाद निवासी बबली मेहता आंगनबाड़ी वर्कर है। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे आंगनबाड़ी केंद्र से छुट्टी कर वह घर आई। उस समय बच्चे भी स्कूल गए हुए थे। वह अकेली थी। करीब अढ़ाई बजे गेट पर दो युवक मशीन बेचने के लिए आए।
बबली ने बाहर आकर मशीन लेने से मना कर दिया और घर के अंदर चली गई। युवक उसके पीछे पीछे घर के अंदर घुस गए। इससे पहले वह कुछ समझ पाती आरोपियों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया। जब उसे होश आई तो उसके हाथों से सोने के कड़े, कानों से बालियां, सोने की अंगूठी गायब थी।
अलमारी में रखी लगभग 40 हजार रुपये की नकदी और कुछ अन्य सामान भी गायब था। उसने इसकी सूचना अपने चाचा ससुर मोहन लाल मेहता को दी। मोहन लाल ने मामले की सूचना पुलिस को दी। जांच अधिकारी एएसआई ओमप्रकाश का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घर के ताले तोड़ डेढ़ लाख के गहने व नकदी चोरी
यमुनानगर। फर्कपुर थाना क्षेत्र की गांधी नगर कॉलोनी में सूने पड़े घर के ताले तोड़ चोर डेढ़ लाख रुपये के गहने व नकदी चोरी कर ले गए। परिवार अपने पैतृक गांव में गया हुआ था। गांधी नगर कॉलोनी निवासी दिलशाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 जुलाई को वह अपने परिवार के साथ अपने पैतृक गांव यूपी के टटौली में गया हुआ था। मंगलवार को जब वे वहां से वापस आए तो घर के ताले टूटे मिले। घर से करीब डेढ़ लाख रुपये के आभूषण, नकदी व अन्य सामान गायब था। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।