फर्कपुर थाना क्षेत्र में जोड़िया के श्मशानघाट के नजदीक राजमिस्त्री पर डंडों से हमला कर दो बदमाशों ने दस हजार रुपये की नकदी और उसका मोबाइल लूट लिया। राजमिस्त्री अपने बीमार बेटे के इलाज के लिए बिहार में पैसे भेजने के लिए कैंप से जोड़िया गांव में जा रहा था। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर दो अज्ञात युवकों पर लूट का मामला दर्ज किया है।
बिहार के सीवान जिले के बलदीहया जम्मू बाजार निवासी सुरेंद्र राय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कैंप में किराए के मकान में रहता है और राजमिस्त्री का काम करता है। उसका बेटा बीमार चल रहा है। उसके इलाज के लिए करीब दस हजार रुपये की जरूरत थी। सोमवार को वह दस हजार रुपये लेकर जोड़िया अपने चाचा के पास जा रहा था।
उसका चाचा बिहार में पैसे भेजने का काम करता है। जब वह जोड़िया के श्मशान घाट के नजदीक पहुंचा तो उसे दो युवक मिले। युवकों ने उसे कुछ सामान उठाने के लिए श्मशान घाट के गेट के नजदीक बुलाया। जब वह वहां पहुंचा तो आरोपियों ने उसके पास से मोबाइल छीन लिया।
उसके बाद उसकी पेंट की जेब से पैसे निकालने लगे। उसके बाद आरोपियों ने डंडों से उस पर हमला कर दिया। उसके सिर और शरीर के अन्य भागों पर डंडों से वार किए। आरोपी उससे दस हजार रुपये की नकदी और उसका मोबाइल लूट कर कुछ दूरी पर खड़ी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। 12 घंटे के भीतर शहर में दूसरी वारदात
शहर में लूट व डकैती की घटनाएं बढ़ रही हैं। आठ अगस्त को जहां कमानी चौक के नजदीक कार सवार तीन युवकों ने हरिनगर कॉलोनी निवासी मोनू उर्फ मुंशी से मारपीट कर एक मोबाइल और एक हजार रुपये की नकदी और आई कार्ड लूट लिया था।
वहीं सोमवार को रेलवे रोड पर न्यू मार्केट स्थित पुरानी सब्जी मंडी निवासी अनिल कुमार की मोबाइल दुकान पर उसकी पत्नी रेखा रानी पर चाकू से हमला कर दो बदमाशों ने कई मोबाइल, सोने के कड़े, चेन समेत लाखों रुपये की ज्वेलरी लूट ली थी। इस घटना को अभी 12 घंटे भी नहीं हुए थे कि राजमिस्त्री को लूट लिया गया।
सुरेंद्र के बयान के आधार पर दो अज्ञात युवकों पर लूट का मामला दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
एएसआई बलबीर सिंह, जांच अधिकारी, थाना फर्कपुर।