गांव रतनपुरा स्थित देसी शराब ठेके से शराब की पेटी लेकर जा रहे दो लड़कों को बहरामपुर गांव में स्थित शराब ठेके के कारिंदों ने शराब तस्कर समझ कर पीट दिया। बात का पता जब परिजनों को पता चला तो उन्होंने बहरामपुर के चौराहे पर रात को ही हंगामा कर दिया। कई घंटे तक हंगामा चला तो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों कारिंदों को अपने साथ लेकर गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बहरामपुर गांव के दो नाबालिग लड़के रतनपुरा गांव के ठेके से देसी शराब की पेटी लेने गए थे। बताया जा रहा है कि उनके परिवार में किसी का जन्मदिन था। इसके लिए वे शराब लेने गए थे। जब वे दोनों बाइक पर शराब की पेटी लेकर घर लौट रहे थे तो बहरामपुर में स्थित देसी शराब ठेके के कारिंदों ने उन्हें रोक लिया। शराब तस्कर समझकर ठेकेदार के कारिंदों ने पीट दिया और शराब की पेटी अपने पास रख ली।
दोनों लड़के जब घर पहुंचे तो उन्होंने सारी बात बताई। साथ ही यह भी बताया कि कारिंदों ने उनसे मोबाइल व पैसे भी छीन लिए। गुस्साए परिजन व पड़ोसी बुधवार रात को ही बहरामपुर चौक पर स्थित शराब ठेके पर पहुंच गए। काफी संख्या में लोगों को आता देख कारिंदों ने खुद को ठेके के अंदर बंद कर लिया।
लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ ही देर में थाना सदर यमुनानगर पुलिस मौके पर पहुंची और मारपीट करने वाले दोनों कारिंदों को पकड़ लिया। लाल चंद ने थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।