सढौरा-दोसड़का रोड पर गांव जफरपुर के पास नगला खालसा निवासी युवक सड़क किनारे बेसुध पड़ा मिला था। उसकी बाइक उससे लगभग दो सौ मीटर की दूरी पर पड़ी हुई थी। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल में पहुंचाया। घटना 12 जून की है। बुधवार रात जगाधरी के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने युवक की हत्या का आशंका जताई है। पुलिस ने शव को परिजनों के हवाले कर दिया है।
सढौरा क्षेत्र के गांव नगला खालसा निवासी पवन कुमार (30) की गांव सरावां में इलेक्ट्रीशियन की दुकान है। दुकान में पवन और उसकी मौसी का लड़का जफरपुर निवासी रिंकू पार्टनर थे। 12 जून की रात करीब साढ़े आठ बजे पवन अपनी मौसी के लड़के रिंकू को बाइक पर छोड़ने उसके गांव जफरपुर में गया। रिंकू ने बताया कि करीब नौ बजे पवन उसे उसके घर छोड़ने के बाद अपने गांव के लिए चला गया।
कुछ समय बाद उसके पास पवन के मोबाइल से किसी अज्ञात आदमी ने फोन किया कि पवन सढौरा-दोसड़का रोड पर बेसुध अवस्था में पड़ा है। वह मौके पर पहुंचे। पवन उनके गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा था। उसके सिर पर और टांग पर चोट के निशान थे, लेकिन खरोच कहीं नहीं थी। वहीं उसकी बाइक उससे लगभग दो सौ मीटर दूर पड़ी हुई थी।
उन्होंने अन्य परिजनों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। परिजन उसे जगाधरी के निजी अस्पताल में ले गए। बुधवार देर रात उसने दम तोड़ दिया।
इसलिए है हत्या की आशंका : मृतक के भाई जोगिंद्र व मसेरे भाई रिंकू व अन्य परिजनों ने बताया कि जब वह मौके पर गए तो उन्होंने देखा कि बाइक से पवन करीब दो सौ मीटर की दूरी पर पड़ा था। उसके सिर में काफी बड़ा घाव था जिसमें 15 टांके लगाए गए, टांग पर गहरी चोट थी। अगर यह सड़क हादसा होता तो शरीर पर खरोंच के निशान होते और बाइक भी टूटी होती, जबकि बाइक टूटी नहीं थी। परिजनों ने आशंका जताई कि हत्या करने के बाद उसे फेंक दिया गया।
फिलहाल अज्ञात वाहन चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
एसआई महावीर सिंह, जांच अधिकारी, थाना मुलाना।