शहर के संतोष अस्पताल में घायल होकर आए युवक से पुलिस केस जानने के लिए चोट का कारण पूछने पर दो युवकों ने डॉक्टर से बहस शुरू कर दी। आरोप है कि युवकों ने डॉक्टर से अभद्र व्यवहार व मारपीट की। बाद में युवकों ने तोड़फोड़ शुरू कर अस्पताल का कांच तोड़ दिया। पुलिस ने अस्पताल संचालक की शिकायत पर दो युवकों के खिलाफ अस्पताल में घुसकर डॉक्टर से मारपीट करने, अभद्र व्यवहार करने और तोड़फोड़ करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्जकर लिया है।
संतोष अस्पताल के संचालक डॉ. लोकेश गर्ग ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बृहस्पतिवार देर रात करीब 12 बजे उनके अस्पताल में दो युवक आए। उनमें से एक युवक घायल अवस्था में था। उपचार करने से पूर्व उन्होंने युवकों से चोट लगने का कारण पूछा, ताकि पुलिस केस हो तो इस बारे में संबंधित थाने में रुक्का भेजा जाए। यह बात सुनकर आरोपियों ने पट्टी करने वाले डॉक्टर से बहस करनी शुरू कर दी। बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि उसके बाद दोनों आरोपियों ने अस्पताल में तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी और अस्पताल का कांच तोड़कर वहां से फरार हो गए।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके का मुआयना किया। शुक्रवार शाम को पुलिस ने मामले में गोविंदपुरी निवासी प्रदीप व हुडा निवासी पंकज के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्जकर लिया है। मामले में अभी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
रंजिश के चलते युवक से मारपीट, घायल
उधर, गांव अमादलपुर निवासी दीपा ने बुड़िया पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका कुछ दिन पहले गांव गलौली निवासी कपिल के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस समय अन्य लोगों ने समझा कर मामला शांत करवा दिया। मगर उसके बाद से आरोपी उससे रंजिश रखने लगा। आरोप है कि रंजिश के चलते आरोपी ने अपने साथी पवन, रामप्यारी व निशान के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया।
हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर सुनकर जब आसपास के लोग इकट्ठे हुए तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।