गांव कुलचंदू में पुरानी रंजिश को लेकर नौ लोगों ने एक घर में घुसकर गर्भवती महिला के साथ मारपीट की। जिससे महिला का दो माह का गर्भपात हो गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव कुलचंदू निवासी रीतू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी कुछ दिन पहले गांव के ही बिंद्र के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस समय वहां मौजूद लोगों ने समझाकर मामला शांत करवा दिया। मगर उसके बाद से आरोपी उससे रंजिश रखने लगा था। पीड़िता ने बताया कि शाम सात बजे वह घर पर काम कर रही थी। इस दौरान बिंद्र ने अपने परिवार के सदस्यों सरवन, सौरव, गौरव, आरजू, गुरमीतो, सचिन, सुषमा व बलबीर के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। आरोपियों द्वारा उसके पेट में लात मारने के कारण उसका गर्भपात हो गया। मारपीट की आवाज सुनकर जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।