थाना सदर क्षेत्र के एक मदरसे में मौलवी द्वारा 12 साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ का मामला प्रकाश में आया है। मौलवी पर आरोप है कि उसने छुट्टी के बाद बाकी बच्चों को घर भेजकर बच्ची के साथ छेड़छाड़ की। पीड़ित बच्ची की मां ने इसकी शिकायत एसपी को दी। एसपी ने महिला थाना पुलिस को शिकायत मार्क की। जिस पर महिला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मौलवी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना सदर क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 12 वर्षीय बेटी गांव के नजदीक ही एक मदरसे में पढ़ रही है। रोजाना की तरह सोमवार को भी उसकी बेटी पढ़ने के लिए मदरसे में गई। दोपहर बाद मदरसे के मौलवी अब्दुल लतीफ ने सब बच्चों की छुट्टी कर दी गई, लेकिन उसकी बेटी को किसी बहाने से रोक लिया। महिला का आरोप है कि मौलवी उसकी बच्ची को एक कमरे में ले गया और उसके साथ अश्लील हरकतें की। किसी तरह बच्ची उसके चंगुल से निकलने में कामयाब हो गई और रोती हुई घर पहुंची। घर आकर बच्ची ने आपबीती उसे बताई। वहीं, महिला का आरोप है कि मौलवी ने उसकी बेटी को धमकी दी थी कि यदि घटना के बारे में किसी को बताया तो उसके परिवार को जान से मार देंगे। पीड़ित परिवार ने इसकी शिकायत एसपी को दी। एसपी ने परिजनों की शिकायत महिला थाना पुलिस को मार्क की।
शिकायत मिलने के बाद महिला थाना ने पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोपी मौलवी अब्दुल लतीफ के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला थाना प्रभारी एल/इंस्पेक्टर कुलबीर कौर का कहना है कि महिला की शिकायत पर आरोपी मौलवी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्जकर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।