खिजराबाद। क्रेशर जोन ओनर एसोसिएशन ने निर्णय लिया है कि क्रेशर जोन में कोई भी अवैध तरीके से लाया गया कच्चा माल नहीं खरीदेगा। ऐसे व्यक्ति की सूचना तुरंत खनन विभाग व पुलिस विभाग को दी जाएगी। क्योंकि एनजीटी ने जो नियम व शर्तें लागू की हुई हैं, क्रेशर ओनर एसोसिएशन पहले से ही उन शर्तों का पालन कर रही है। क्रेशर ओनर एसोसिएशन के प्रधान नरेश ने कहा कि लीज 8 व 9 साल के लिए की हुई है। ऐसे में क्रेशर एसोसिएशन किसी भी सूरत में यह नही चाहेगी कि बरसों बाद शुरू हुआ काम कुछ ही दिनों में बंद हो जाए।
उन्होंने बताया कि अवैध रूप से यूपी के स्टोन क्रेशर वाले देर रात को अवैध रूप से कच्चा माल लेकर जाते हैं। उसको लेकर भी क्रेशर ओनर एसोसिएशन ने टीमें बनाकर ठीकरी पहरा लगाने का निर्णय लिया है। ताकि अवैध रूप से यमुना नदी में हो रही खनन को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि अगर कोई अवैध रूप से कच्चा माल क्रेशर जोन में लेकर आएगा तो उसका माल खरीदने वाले क्रेशर ओनर के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि 15 सितंबर को यमुना नदी में खनन पर लगी पाबंदी हट जाएगी। क्योंकि बरसात के मौसम में नदी में खनन बंद रहता है। 16 सितंबर के बाद खनन लीज होल्डर की टीमें यमुना नदी में वैध खनन अपनी देख-रेख में कराएंगी। मौके पर सुमेर वालिया व सर्वजीत सिंह पप्पू भी मौजूद थे।