संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। पीएमश्री स्कूल चमरोडी में वीरवार को सेवा ही संकल्प कार्यक्रम के तहत ड्राइंग और रंगोली प्रतियोगिता करवाई गई। प्रतियोगिता में छठीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया।
प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को छठीं से आठवीं और नौवीं से 12वीं कक्षा की दो श्रेणियों में बांटा गया था। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं और अभियानों पर आधारित आकर्षक चित्र बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंगोली प्रतियोगिता में कशिश ने प्रथम, आरोही ने द्वितीय और प्राची ने तृतीय स्थान हासिल किया।
वहीं नौवीं से 12वीं कक्षा वर्ग में महक प्रथम, राशि द्वितीय और वैष्णवी तृतीय स्थान पर रहीं। प्राचार्या इंदिरा देवी ने बताया कि विद्यार्थियों ने जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तीकरण और आंतरिक क्षेत्र सहित विभिन्न विषयों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
विद्यार्थियों ने रंगों और कल्पनाशीलता का प्रयोग करते हुए योजनाओं के उद्देश्यों और संदेशों को प्रभावी ढंग से दर्शाया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई रंगोलियों और चित्रों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान पवन रोहिला, विपिन कुमार, संत कुमार, राजेंद्र, राजीव, सतीश, विनोद, रूबी, मीणा, मंजू, रेखा सहित अन्य मौजूद रहे।