गांव दौलतपुर में बिजली के तार आपस में टकराने से निकली चिंगारी से रविवार रात कांग्रेसी नेता परमजीत धीमान के पशु बाड़े के शेड में आग लग गई। इसकी सूचना पर जगाधरी के गुलाब नगर से दमकल की एक गाड़ी पहुंची। जिसकी मदद से दमकल कर्मियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। किंतु जब तक आग से एक गाय की झुलसकर मौके पर मौत हो गई। जबकि एक अन्य भैंस, गाय व बछड़ी भी झुलस गए। इसके अलावा शेड में रखा अन्य सामान भी जलकर नष्ट हो गया। कांग्रेसी नेता परमजीत धीमान ने बताया कि रात करीब साढ़े 10 बजे पशु बाड़े के शेड में बिजली के तार आपस में टकराने से निकली चिंगारी से आग लग गई। जिसमें एक गाय की मौत हो गई व अन्य तीन पशु भी झुलस गए। साथ ही सात एकड़ का भूसा, फीड के नौ कट्टे, गुड के दो कट्टे, सरसों तेल की टीन, पशुओं का दाना, 20 क्विंटल गेहूं व अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए।