संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। दंपती को कनाडा भेजने के नाम पर 15 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने कनाडा में काम दिलाने का झांसा दिया था। रकम लेने के बाद उन्हें विदेश नहीं भेजा गया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला थाना छछरौली क्षेत्र का है। क्षेत्र की महिला मनछिंद्र कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पौत्र व उसकी पत्नी रोजगार की तलाश में विदेश जाना चाहते थे। इस दौरान उसकी मुलाकात पंजाब के जिला जालंधर के विनोद कुमार उर्फ पवन के साथ हुई। विनोद ने बताया कि वह लोगों को विदेश भेजने का काम करता है।
वह उसके पौत्र और उसकी पत्नी को कनाडा भेज देगा। वहां पर रोजगार भी दिलवा देगा। इसके लिए 15 लाख रुपये का खर्च आएगा। मनछिंद्र ने बताया कि उन्होंने झांसे में आकर 15 लाख रुपये और जरूरी दस्तावेज विनोद को भेज दिए। इसके बाद उसने जल्द ही विदेश भेजने की बात कही।
काफी समय बीतने के बाद जब उसने उन्हें विदेश नहीं भेजा तो उसने अपने रुपये वापस मांगे। आरोपी ने रुपये वापस करने से भी इन्कार कर दिया। इसके बाद मनछिंद्र कौर ने पुलिस को शिकायत दी। एसएचओ छछरौली अमरजीत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।