संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर के आजाद नगर में मकान खाली करवाने को लेकर कुछ युवकों ने घर में घुसकर दंपती पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। आरोप पड़ोसी महिला व उसके परिजनों पर लगा है। पुलिस ने महिला समेत पांच आरोपियों को नामजद करते हुए छह अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।
आजाद नगर निवासी रीना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने माता पिता के मकान में 15 वर्ष से बच्चों सहित रह रही है। आरोप है कि पड़ोसी डोली उनके मकान पर कब्जा करने को लेकर उनके साथ झगड़ा करती है। वह उनसे मकान खाली कराना चाहती है। शनिवार दोपहर को आरोपी डोली अपने बेटे वासू, वरुण, दीपू, गोरू व पांच-छह अन्य युवकों के साथ उनके मकान के अंदर घुस आई।
आरोपियों ने आते ही उनसे गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपी वरुण ने चाकू निकाल कर उसके पति अनिल पर हमला कर दिया। इसमें वह घायल हो गए। शोर सुनकर जब अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद पांच आरोपियों को नामजद करते हुए छह अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।