संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सिविल अस्पताल की मेडिकल आफिसर (एमओ) योगेश नगर काॅलोनी निवासी डॉ. आकांक्षा सिंह को साइबर ठगों ने साथ अपना शिकार बना लिया। ठगों ने उसके बैंक खाते में ज्यादा पैसे भेजने की बात कहकर अपने अकाउंट में 95 हजार रुपये डलवा लिए। पुलिस ने आकांक्षा सिंह अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
योगेश नगर कॉलोनी निवासी डॉ. आकांक्षा सिंह ने साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक मई को उनके पास अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि वह उसके पापा का दोस्त बोल रहा है। उसे कुछ रुपये आपके पापा के खाते में ट्रांसफर करने हैं। उनके पापा के खाते में रुपये नहीं जा रहे हैं, इसलिए अपना बैंक खाता नंबर दे दो। कॉल करने वाले ने अपना नाम अशोक वर्मा बताया।
आरोपी ने उन्हें बातों में उलझा लिया और खाते में दस रुपये भेजे। इसके बाद उसके पास 20 हजार रुपये जमा होने का टैक्स मैसेज आया। फिर 50 हजार रुपये जमा होने का मैसेज आया। थोड़ी देर बाद उसी नंबर से दोबारा कॉल आया और कहा कि उससे गलती से 50 हजार रुपये अधिक डल गए हैं। उसे केवल 25 हजार रुपये भेजने थे। आरोपी की बातों में आकर उसने उसके खाते में पहले दो बार में 45 हजार रुपये डाल दिए।
इसके बाद आरोपी का फिर फोन आया कि बेटा उसके पास रुपये नहीं आए है। उसने फिर आरोपी को 50 हजार रुपये भेज दिया। फोन कटने के बाद उसने अपने बैंक खाते का बकाया जांचा तो उसके खाते से 95 हजार रुपये निकले हुए थे। जबकि उसके खाते में एक भी रुपया नहीं आया था। उसने मामले की सूचना साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।