संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बिहार के युवक से 25 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में आरोपी दंपति को पुलिस ने जेल भेज दिया। साथ ही उनकी प्रॉपर्टी को भी अटैच करने की कार्रवाई शुरू कर दी।
बीते बुधवार को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एक बड़ा खुलासा किया था। बिगो आईडी पर ऑनलाइन फ्रेंडशिप कर बिहार के एक युवक से यमुनानगर में रहने वाले पति-पत्नी ने 25 लाख रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने यमुनानगर निवासी परमिंद्र कौर और उसके पति गुरप्रीत को गिरफ्तार कर तीन दिन की रिमांड पर लिया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने बिगो एप पर सोनम और रेड क्वीन नाम से दो आईडी बनाई थी।
इसी आईडी पर उनकी पहचान अजीतेश से हुई थी। इसके बाद उन्होंने दो अन्य फर्जी आईडी जिया और शिवानी सिंह सिंधू निवासी यूएसए के नाम से बनाई और झांसे में लेकर अजीतेश से 25 लाख रुपये की ठगी की थी। ठगी के पैसे से दिल्ली में एक मकान खरीद लिया था। एसएचओ साइबर क्राइम थाना रविकांत ने बताया कि शनिवार को दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। साथ ही उनकी प्रॉपर्टी के दस्तावेज कब्जे में लेकर केस से अटैच करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।