साढौरा। नगर पालिका साढौरा के वार्ड नौ के पार्षद के उपचुनाव के लिए 10 मई को हुए मतदान की बुधवार को डीएवी पब्लिक स्कूल में मतगणना की जाएगी। पुलिस के कड़े सुरक्षा प्रबंधों के दौरान सुबह आठ बजे मतगणना शुरु होगी।
इस वार्ड का उपचुनाव एक ही ईवीएम के माध्यम से हुआ था तो संभावना है कि एक घंटे के अंदर ही नतीजे सामने आ जाएंगे। इस उपचुनाव के लिए भाजपा समर्थित लखविंद्र सैनी, इनेलो प्रत्याशी इंद्रजीत शर्मा व आजाद प्रत्याशी अशोक मेहता के मध्य तिकोना मुकाबला है। सहायक रिटर्निंग अधिकारी नायब तहसीलदार कुलदीप सिंह ने बताया कि ईवीएम को पुलिस बल की मौजूदगी में डीएवी स्कूल में स्थापित स्ट्रांग रूम में जमा कराया गया है।
स्ट्रांग रूम के अंदर व बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। स्ट्रांग रूम के बाहर बाकायदा एक एलईडी दीवार पर लगाई गई है, जिससे स्ट्रांग रूम की निगरानी के अलावा अन्य गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। सुचारु मतगणना के लिए प्रशासन की पूरी तैयारी है। एसएचओ मनजीत कौशिक ने बताया कि मतगणना के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मतगणना केंद्र के बाहर की सड़क पर नाकाबंदी करके कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।