संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम सदन की साधारण बैठक 16 सितंबर को जिमखाना क्लब में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता मेयर सुमन बहमनी करेंगी। इस बैठक में शहर के विकास, बुनियादी सुविधाओं, पिछली बैठक में पास हुए प्रस्तावों की कार्रवाई पर जवाबदेही, कामों की समीक्षा व नए प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी।
बैठक के एजेंडे के लिए नगर निगम की ओर से सभी पार्षदों से अपने वार्ड संबंधित समस्याओं के प्रस्ताव मांगे गए हैं। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने बैठक को लेकर निगम अधिकारियों को सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर के हर क्षेत्र में जरूरत के अनुसार विकास कार्यों को गति प्रदान करना है।
पार्षदों से प्राप्त शिकायतों व सुझावों के आधार पर प्राथमिकताओं को तय किया जाएगा और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए जाएंगे। मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि नगर निगम सदन की बैठक से शहर के विकास को और गति मिलेगी।
मेयर बहमनी ने कहा कि नगर निगम ने सभी पार्षदों को बैठक में शामिल होने के लिए आधिकारिक सूचना जारी की है। इसके साथ ही सभी पार्षदों से उनके संबंधित वार्डों में चल रहे कार्यों की स्थिति, लंबित समस्याओं तथा नए विकास कार्यों के लिखित प्रस्ताव भी मांगे गए हैं। पार्षदों के प्रस्तावों और जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दों को सदन के एजेंडे में प्रमुखता से शामिल किया जाएगा, ताकि उन पर चर्चा कर उचित निर्णय लिया जा सके।
बुनियादी सुविधाओं और ऑनलाइन बुकिंग पर होगी चर्चा
मेयर बहमनी के मुताबिक बैठक में शहर के मूलभूत ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर रहेगा। बैठक के दौरान विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली निर्माण, सीवरेज व्यवस्था, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, पेयजल आपूर्ति और सफाई व्यवस्था जैसे जनहित के मुद्दों पर जनप्रतिनिधि अपने सुझाव रखेंगे। इसके अलावा हाल ही में सामुदायिक केंद्रों की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था, उनके क्षेत्रफल के हिसाब से तय की गई फीस और बुकिंग की प्रक्रिया पर भी सदन के सामने प्रस्ताव रखा जाएगा, जिस पर चर्चा के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।