यमुनानगर। नगर निगम द्वारा शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। मीरा बाई बाजार व गोविंदपुरी रोड के बाद बुधवार को निगम की टीम ने जगाधरी वर्कशॉप रोड से अतिक्रमण हटाया। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर सफाई निरीक्षण कृष्ण कुमार की टीम ने यह कार्रवाई की।
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद (आईएएस) के निर्देशों पर अतिक्रमण हटाने, प्रतिबंधित पॉलीथिन बेचने वाले और खुले में गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई करने के लिए वार्ड एक से सात तक सीएसआई हरजीत सिंह, वार्ड आठ से 15 तक सीएसआई अनिल नैन व वार्ड 16 से 22 तक सीएसआई विनोद बेनीवाल के नेतृत्व में टीमें बनाई गई है। तीनों टीमें अपने अपने क्षेत्र में कार्रवाई कर रही है। बुधवार को सीएसआई विनोद बेनीवाल की देखरेख में सफाई निरीक्षक कृष्ण राणा, सुशील शर्मा व होमगार्ड के जवानों की टीम जगाधरी वर्कशॉप रोड पर आईटीआई चौक से विष्णु नगर तक अतिक्रमण हटाया। निगम की टीम को देखकर दुकानदारों ने स्वयं सामान उठाया। निगम की टीम ने इस दौरान विष्णु नगर में वर्कशॉप रोड पर लगने वाले मासिक बाजार में भी कार्रवाई की। दुकानदारों ने यहां आधी सड़क तक सामान रखकर अतिक्रमण किया हुआ था। निगम की टीम ने मार्ग से अतिक्रमण हटवाया। अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने कहा कि शहर को सुंदर, साफ व स्वच्छ बनाने के लिए निगम अनेक प्रयास कर रहा है। शहर में विशेष सफाई अभियान, अतिक्रमण हटाओ अभियान व सड़कों के डिवाइडर को सुंदर बनाने का कार्य किया जा रहा है। शहर को कचरा मुक्त और अतिक्रमण मुक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। आमजन से अपील है कि सभी शहर को सुंदर बनाने में निगम का सहयोग करे। सड़कों पर गंदगी न फैलाएं, सामान रखकर अतिक्रमण न करें। शहर को व्यवस्थित बनाए रखने में निगम का सहयोग करें। संवाद