संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेशों पर नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी ने शहर से भांग के पौधों को उखाड़ने का अभियान शुरू कर दिया है। जब तक नगर निगम क्षेत्र भांग के पौधों से मुक्त नहीं होगा, तब तक निगम का यह अभियान जारी रहेगा।
निगम क्षेत्र को भांग के पौधों से मुक्त बनाने के लिए सोमवार को उप निगम आयुक्त डॉ. विजय पाल यादव ने निगम अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने भांग के पौधों को उखाड़ कर उसे नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की निगरानी में नष्ट करने के लिए टीमों का गठन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निगम क्षेत्र में जहां जहां भांग के पौधे उगे है, उन्हें चिन्हित कर उखाड़ा जाए।
बैठक में कार्यालय अधीक्षक धर्मवीर, क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अजय वालिया, मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील दत्त, कनिष्ठ अभियंता अभिषेक शर्मा, पंकज, अकाउंटेंट नवीन कुमार, सफाई निरीक्षक गोविंद, बिट्टू, सुशील कुमार, सुमित व अन्य ने भाग लिया। उप निगम आयुक्त डाॅ. विजय पाल यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भांग उखाड़ने के लिए वार्ड वाइज टीमें गठित करें। इसके बाद कहां कहां, कितने क्षेत्र में भांग के पौधे उगे हुए है, उन्हें चिन्हित करें।
जेसीबी, बेलदार, सफाई कर्मचारियों की मदद से इन भांग के पौधों को तुरंत प्रभाव से उखाड़ें और उसे नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अधिकारियों की निगरानी में नष्ट करें। उन्होंने अधिकारियों को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा जारी औषधि कानून प्रवर्तन क्षेत्र अधिकारियों की पुस्तिका में उल्लेखित मानदंडों को लागू करते हुए भांग को नष्ट करने के निर्देश दिए।
डॉ. यादव ने कहा कि पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने अपने आदेश में नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न खुले स्थानों, सड़कों, खाली भूखंडों, प्लाटों, सड़क किनारों व अन्य स्थानों पर उगे सभी भांग के पौधों को हटाने और नष्ट करने का निर्देश जारी किए है। जिसके बाद उन्होंने सफाई शाखा व अभियंता शाखा की संयुक्त टीमें गठित कर निगम क्षेत्र से भांग के पौधों को उखाड़ने का कार्य शुरू कर दिया है।
इन स्थानों पर चलाया अभियान
निगमायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर गठित निगम की टीमों ने वार्ड आठ, नौ, 16 समेत कई वार्डाें में भांग उखाड़ने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान सफाई निरीक्षक प्रदीप दहिया की टीम ने वार्ड नंबर आठ व नौ में सड़कों किनारे, खाली प्लाटों व सार्वजनिक स्थानों पर उगे भांग के पौधों को उखाड़ा। इसी तरह वार्ड 16 में सफाई निरीक्षक सुशील की टीम ने भांग के पौधों को उखाड़कर एक स्थान पर एकत्रित किया।