यमुनानगर। ममीदी और शादीपुर गांव में तीन लोगों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है। सोमवार को सीएम फ्लाइंग की टीम ने निरीक्षण किया। वहीं स्थिति पर नजर रखने के लिए पुलिस के 15 स्पेशल कमांडो तैनात किए गए हैं। डीएसपी हेडक्वार्टर सुभाष चंद्र व थाना सदर यमुनानगर प्रभारी निरीक्षक सुखबीर सिंह के साथ इन कमांडो ने पीपीई किट पहनकर कंटेनमेंट जोन में कांबिंग की। यहां तीन कोरोना संक्रमित मिले हैं, इसलिए यह सख्ती बरती जा रही है। यदि कोई लॉकडाउन का उल्लंघन करेगा, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ये कमांडो उन गांवों में लगातार कांबिंग करेंगे, जहां पर कोरोना संक्रमित केस मिल चुके हैं।
संक्रमण के फैलाव रोकने में झोंकी ताकत
-ममीदी और शादीपुर दोनों गांव घनी आबादी क्षेत्र हैं। यहां इंडस्ट्री और उनके काम करने वाले श्रमिक भी रहते हैं। कम्यूनिटी ट्रांसमिशन ना फैले, इसके लिए प्रशासन ने अपनी पूरी मशीनरी इन क्षेत्रों में लगा दी है। इनके साथ लगते गांवों व कॉलोनियों में भी एतिहात बरती जा रही है। ममीदी के साथ लगती जम्मू कॉलोनी बहुत बड़ी है। जहां सैकड़ों घर हैं और हजारों लोग रहते हैं। ममीदी और जम्मू कॉलोनी में मात्र एक गली का फर्क है और इधर से उधर लोगों का आना जाना लगा रहता है। ऐसे में प्रशासन ने इन क्षेत्रों को सील कर दिया है।
घर-घर जाकर की जा रही स्क्रीनिंग
-स्वास्थ्य विभाग की टीम घर घर जा-जाकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रही है। वहीं उन लोगों की भी तलाश की जा रही है। जो करीब 20 दिनों में कोरोना संक्रमित तीनों लोगों से मिले हैं। इन तीनों की हिस्ट्री निकालकर लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। ताकि समय रहते लोगों तक पहुंच उनके सैंपल लिए जा सकें और उन्हें क्वारंटीन में भेजा जा सके।
कोरोना को लेकर सोमवार को आई 25 संदिग्धों की रिपोर्ट आने से स्वास्थ्य विभाग ने थोड़ी राहत की सांस ली है। हालांकि अभी भी 111 संदिग्धों की रिपोर्ट आने की टेंशन है। लेकिन, कोई भी पॉजीटिव रिपोर्ट न आना राहत भरी खबर है। स्वास्थ्य विभाग ने 361 संदिग्धों के सैंपल अभी तक भेजे गए थे। जिसमें से 247 सैंपल की रिपोर्ट आई है। सोमवार को भी स्वास्थ्य विभाग ने 11 संदिग्धों के सैंपल भेजे है। ये शादीपुर से मिले कोरोना पॉजीटिव के संपर्क में आए हुए लोग है। जिले में अभी तक 1676 पैसेंजरों को क्वारंटीन किया गया। जबकि 328 को होम क्वारंटीन में रखा हुआ है। अभी तक 1075 पैसेंजरों के 28 दिन पूर्ण हो चुके हैं। जिन्हें होम शेल्टर भेज दिया गया है। वहीं 29 को अस्पताल में भर्ती किया हुआ है।
-शहर से सटे दो गांवों में तीन कोरोना संक्रमित मिले हैं। दोपहर बाद सीएम फ्लाइंग की टीम ने कंटोनमेंट क्षेत्र का दौरा किया है। यहां पर सरकार की हिदायतों के अनुसार काम किया जा रहा है। क्षेत्र एपिक सेंटर ना बनें, इसके लिए विशेष रूप से टीमों को लगा दिया गया है। दोनों गांव और आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह से सील किया गया है।
-डॉ. विजय दहिया, सीएमओ