जिले में सभी लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाने का लक्ष्य स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को पूरा कर लिया। विभाग को 944753 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लगाने का लक्ष्य मिला था। मंगलवार शाम तक विभाग 946901 लोगों को पहली डोज लगा चुका था।
सिविल सर्जन डॉ. विजय दहिया ने बताया कि जिले में कोविड महामारी की रोकथाम के लिए कोविड वक्सीन के टीकाकरण के चलते पहली डोज के 100 प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को प्राप्त कर लिया गया है। जिले में 100.22 प्रतिशत लोगों को पहली डोज लग चुकी है। इनमें से 76 प्रतिशत यानि 722490 लोगों को दूसरी डोज का टीका भी लगाया जा चुका है। जल्द ही दूसरी डोज के पात्रों का टीकाकरण शत प्रतिशत कर दिया जाएगा। डॉ. दहिया ने टीकाकरण कार्यक्रम में लगे सभी अधिकारी व कर्मचारियों को बधाई दी।
उन्होंने बताया कि जिले में अब 15 वर्ष से 18 वर्ष के किशोरों का भी टीकाकरण किया जा रहा है। अब तक 38125 किशोरों का टीकाकरण माध्यम से किया गया है। जिले में बूस्टर डोज का टीकाकरण भी आरंभ हो चुका है। बूस्टर डोज अभी 60 वर्ष से अधिक आयु के लाभार्थियों, स्वास्थ्य कर्मचारियों व प्रथम श्रेणी के कार्यकर्ताओं को लगाई जा रही है। जिन 60 वर्ष से अधिक आयु के लाभार्थियों, स्वास्थ्य कर्मचारियों प्रथम श्रेणी के कार्यकर्ताओं को दूसरी डोज लगे नौ माह से अधिक हो चुका है वह अपनी बूस्टर डोज लगवा सकता है। जिले में अब तक कुल 1712842 डोज लगाई जा चुकी हैं। मंगलवार को जिले में 153 केंद्रों पर टीकाकरण किया जा रहा है। जिनमें शाम तक एक दिन में 13922 लोगों को टीका लगाया जा चुका था।