कोरोना संक्रमित दो और वृद्धों की मौत हो गई है। जिले में अब कुल 97 मौते हो चुकी है। मंगलवार को 55 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जबकि 67 मरीजों की रिपोर्ट नेगेटिव आने पर घर भेज दिया है। अब तक जिले में कुल 3742 कोरोना के केस हो चुके हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 2985 मरीजों को ठीक कर घर भेज दिया है। यहीं नहीं जिले का रिकवरी रेट भी 80 प्रतिशत हो गया है।
टापू कमालपुर निवासी 61 वर्षीय वृद्ध की एक निजी अस्पताल में मौत हो गई है। वृद्ध को 15 दिन से बुखार था। सांस लेने में परेशानी थी। अस्पताल में कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। निजी अस्पताल में हालत में सुधार न होने पर उन्हें दूसरे निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया था। जहां उन्हें उल्टियां लगी और मौत हो गई। वहीं जठलाना निवासी 67 वर्षीय वृद्ध की भी निजी अस्पताल में मौत हो गई। उन्हें भी सांस व उच्च रक्तचाप की दिक्कत होने पर अस्पताल में दाखिल कराया गया था। रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। उनकी भी मंगलवार को मौत हो गई। दोनों मृतकों का नगतर निगम की टीमों ने नियमानुसार अंतिम संस्कार कर दिया।
सिविल सर्जन डा. विजय दहिया ने बताया कि मंगलवार को 55 कोरोना संक्रमित केस मिले हैं। 67 मरीज ठीक हो गए। उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब तक जिले में 3742 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें से 2985 मरीज ठीक हुए हैं। फिलहाल 695 सक्रिय मरीज हैं। इनमें से 429 मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है। जबकि 1584 लोगों की रिपोर्ट अभी लंबित है।
दो सरकारी अध्यापकों सहित तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव कांजनू व अलाहर में 140 लोगों के टैस्ट किए। जिनमें से दो सरकारी अध्यापक व गांव बकाना का एक पुरुष संक्रमित पाया गया। अब तक कुल 249 लोग कोरोना से संक्रमित मिले हैं। जिसमें से 193 लोगों ने कोरोना से जंग जीत ली है। जबकि 56 मरीज अभी एक्टिव है। जिसमें से 28 मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है। जबकि 20 संक्रमित अस्पतला में भर्ती है। अब तक छह कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। एसएमओ डा. विजय परमार ने बताया कि कोरोना वायरस की बीमारी को लेकर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 140 लोगों के सैंपल लिए। अब तक 7,363 लोगों के महामारी को लेकर सैंपल लिए जा चुके हैं।