कोरोना से एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई है। इसमें दो की उम्र 70 के पार थी। जबकि महिला की उम्र 43 वर्ष की थी। खास बात ये है कि अब तक ज्यादातर मरने वालों मेें बुजुर्ग ही है। वहीं 123 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ जिले में कुल 3092 कोरोना के मामले हो चुके हैं। इसमें से 80 मरीज दूसरे राज्यों के अस्पतालों में भर्ती है। जबकि 66 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आने के साथ ही जिले कुल 2299 मरीज ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं।
जगाधरी के विशाल नगर निवासी 43 वर्षीय महिला की कोरोना से एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार महिला को कई दिनों से बुखार था। बुखार के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सांस लेने में तकलीफ होने लगी और महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं यमुनानगर के विष्णुनगर के 75 वर्षीय वृद्ध की मौत कोरोना से एक निजी अस्पताल में हो गई। जानकारी के अनुसार चार दिन पूर्व बुखार व सांस लेने में तकलीफ के चलते अस्पताल में भर्ती किया गया था। जहां पर वृद्ध की मौत हो गई। मॉडल टाउन निवासी 73 वर्षीय वृद्ध की मौत भी एक निजी अस्पताल में हुई। मरने के बाद कोरोना का सैंपल लिया। तब तक शव को ईएसआई की मोर्चरी में रखा गया था। सोमवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद तीनों शवों का संस्कार सरकारी गाइडलाइन के हिसाब से किया गया।
डीसी मकुल कुमार ने बताया कि सोमवार को 123 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के साथ ही जिले कोरोना के कुल 3092 केस हो चुके हैं। जिसमें से 80 लोग दूसरे राज्यों के जिलों के अस्पतालों में भर्ती है। यहीं नहीं 66 मरीजों की नेगेटिव रिपोर्ट के साथ ही जिले में कुल 2299 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। इसी के साथ जिले के मरीजों का रिकवरी रेट 74 फीसदी हो गय है। जिले में 1300 कंटेनमेंट जोन बनाए गए थे। जिसमें से 665 कंटेनमेंट जोन अभी एक्टिव है। जबकि 635 कंटेनमेंट जोन को मुक्त घोषित कर दिया गया है। सिविल सर्जन डा.विजय दहिया ने बताया कि 520 कोरोना पॉजिटिव मरीजों जिनमें कोरोना के लक्षण नहीं थे। उन्हें होम आइसोलेट किया गया है।
डीसी मुकुल कुमार ने बताया कि जिले के 15 क्षेत्रों को कंटेनमेंट मुक्त घोषित किया गया हैं। जिसमें 574 सैक्टर-15 हुड्डा जगाधरी, 39-एफ प्रोफेसर कालोनी यमुनानगर, जगाधरी खंड के गांव फतेहपुर, 16-ए फैमिली क्वाटर जेल, 17-ए जय सिटी जगाधरी, 286 जोगिंद्र नगर व 389 पुराना रादौर रोड़ यमुनानगर, 1331 पत्थरावाला बाजार जगाधरी, ईस्ट भाटिया नगर व गली नंबर-2 प्रलाहदपुरी यमुनानगर, गुलाटी अस्पताल, सरस्वती खंड के गांव काबिलपुर, 23 कांबोज कालोनी जगाधरी, गांव तेजली तथा महावीर कालोनी यमुनानगर को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है।
सात महिलाओं सहित 21 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिसमें से सात संक्रमित मरीज रादौर से है। जाटनगर में एक पुरूष, अग्रवाल कालोनी में एक 24 वर्षीय युवक, छिंबी मोहल्ला में एक महिला के अलावा छोटाबांस में बकाना रोड पर 2 महिलाएं व 2 पुरूष कोरोना वायरस की बीमारी से संक्रमित पाए गए है। एसएमओ डा.विजय परमार ने बताया कि कोरोना वायरस की बीमारी को लेकर सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रादौर उपमंडल में 101 लोगों के सैंपल लिये। जिन्हे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। उन्होने बताया कि रादौर उपमंडल में अब तक 6437 लोगों के महामारी को लेकर सैंपल लिये जा चुके हैं।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की प्रताप नगर ब्रांच में नौ बैंक कर्मचारियों में से सात कोरोना पॉजिटिव आए हैं। केवल 2 कर्मचारियों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जिस कारण बैंक पर ताला लटक गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अब वह अनाज मंडी प्रताप नगर के आढ़तियों का भी कोरोना टेस्ट करेंगे। क्योंकि बैंक कर्मचारियों और आढ़तियों का आपसी मेलजोल ज्यादा रहता है। रेपिड टेस्ट के माध्यम से यहां सैंपल लिए जा रहे हैं।प्रताप नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. जितेंद्र कुमार नेच बताया कि उनके पास स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की ब्रांच से फोन आया था कि वह अपना कोरोना टेस्ट कराना चाहते हैं। जिसको लेकर सोमवार को रेपिड टेस्ट किए गए। बैंक के नौ कर्मचारियों में से 7 के सैंपल पॉजिटिव पाए गए। केवल 2 कर्मचारी नेगेटिव आएं हैं। उन्होंने बताया कि पॉजिटिव आए कर्मचारियों को होम आइसोलेट किया जा रहा है और उनके परिवार के लोगों के कल कोरोना टेस्ट किए जाएंगे। उन्होंने सभी को हिदायत भी दी कि सभी मास्क का प्रयोग करें, दो मीटर की दूरी बनाए रखें, भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में जाने से बचें और सावधानी बरतें। उन्होंने बताया कि प्रताप नगर में दुकानदारों समेत 4300 लोगों के टेस्ट किए गए हैं । जिनमें से 40 केस पॉजिटिव पाए गए हैं। इसलिए सभी अपना बचाव रखें और यात्राएं ना करें।