संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। विद्यार्थियों की पहली पसंद में शामिल आईटीआई की कोपा, इलेक्ट्रीशियन, ड्राफ्टमैन इत्यादि ट्रेड में अब दाखिले नहीं होंगे। इन ट्रेड की सभी सीटें पहले ही भर चुकी हैं। इसके अलावा कई ट्रेड ऐसी हैं, जिसमें सीट नहीं है और विद्यार्थी इन्हीं ट्रेड में दाखिला लेना चाहते हैं। इससे रिकॉर्ड आवेदन होने के बाद भी अधिकांश विद्यार्थी आईटीआई की 500 से ज्यादा सीटें खाली हैं।
आईटीआई में ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया का चौथा एवं अंतिम चरण चल रहा है। आईटीआई की आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेड की मांग इतनी रही कि चौथे चरण में इक्का दुक्का सीट ही बची थी, जो चौथी कट ऑफ लिस्ट में अलॉट कर दी गई। आईटीआई की चौथी कट ऑफ लिस्ट में कुल 265 विद्यार्थियों को सीट अलॉट की गई थी। शुक्रवार तक 138 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया था। शनिवार को मात्र आठ विद्यार्थियों ने दाखिला लिया।
इस चरण की अब 199 सीटें खाली हैं। चौथे चरण में पांच अगस्त तक विद्यार्थियों के मूल दस्तावेजों की जांच की जाएगी। छह अगस्त को फीस जमा करने का अंतिम दिन होगा। इस चरण में दाखिला लेने वाले करीब 40 विद्यार्थियों ने अभी तक फीस जमा नहीं करवाई है। यदि यह विद्यार्थी फीस जमा नहीं करवाते तो उनके दाखिले रद्द कर दिए जाएंगे। जिसके बाद यह सीटें भी खाली हो जाएंगी। जिसे ऑफलाइन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। ऑफलाइन प्रक्रिया में ओपन काउंसलिंग की जाएगी।
जिले की नोडल आईटीआई में सबसे ज्यादा ट्रेड व सीट हैं। इस आईटीआई में कुल 32 ट्रेड हैं, जिसकी 83 यूनिट उपलब्ध हैं। इस बार आईटीआई में दाखिला लेने के लिए कुल 8620 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। तीसरे चरण में कोपा की तीनों यूनिट की सीटें समाप्त हो गई। कोपा की दो यूनिट में 24-24 सीट हैं, जबकि एक यूनिट में 72 सीटें हैं।
इन ट्रेड 90 फीसदी सीटों पर दाखिला हो चुका है। अन्य भी अलॉट कर दी गई हैं। इसके अलावा एडवांस सीएनसी ट्रेड में केवल एक सीट बची है। वहीं कंप्यूटर हार्डवेयर एंड नेटवर्क मेंटेनेंस की चौथी कट ऑफ के बाद मात्र 3 सीट शेष हैं। इसके बाद डाटा एंट्री ऑपरेटर, ड्राफ्टमैन में कोई सीट नहीं हैं। इलेक्ट्रिशियन ड्यूल, इलेक्ट्रिशियन और इलेक्ट्रॉनिक ड्यूल ट्रेड में भी कोई सीट नहीं है। फिटर की दोनों ट्रेड की सीटें भर चुकी हैं।
सबसे ज्यादा सीटें प्लंबर ट्रेड में खाली हैं। प्लंबर ट्रेड में कुल 55 सीटें खाली हैं। वहीं कॉस्मोलॉजी में 10 सीटें शेष हैं। फाउंड्रीमैन ड्यूल की 44 सीटें खाली हैं। चौथी कट ऑफ लिस्ट के बाद आईटीआई की कुल 313 सीटें खाली हैं। जिसके लिए ओपन काउंसलिंग की जाएगी, परंतु विभाग की ओर से इसका शेड्यूल जारी नहीं है।
ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया का चौथा चरण चल रहा है। कई ट्रेड में सीटें बिल्कुल नहीं बीच हैं। कई ट्रेड में काफी सीटें खाली हैं। खाली सीटों के लिए ओपन काउंसलिंग की जाएगी। ओपन काउंसलिंग का शेड्यूल अभी तक जारी नहीं किया गया है। -दीपेश महेंद्रू, प्राचार्य आईटीआई।