संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सिटी बस में सफर से पहले यात्रियों को ठहराव स्थलों पर धूप-बारिश में खड़े होकर इंतजार करना पड़ रहा है। क्योंकि सिटी बस सेवा के सात माह बाद भी बस क्यू शेल्टर नहीं बन पाए हैं। हालांकि इसके लिए रोडवेज अफसर सर्वे कर चुके हैं, पर इसके आगे कार्रवाई नहीं हो पाई। ऐसे में भीषण गर्मी या बारिश के बीच लोग सिटी बस के ठहराव स्थलों पर खड़े होकर बस का इंतजार करने पर मजबूर हैं।
हरियाणा रोडवेज के यमुनानगर डिपो पर जनवरी में आई पांच इलेक्ट्रिक एसी बसों को 29 जनवरी से सिटी बस सेवा के रूप में चलाया जा रहा है। इन बसों के शुरुआत में मुख्य दो रूट थे, जिनमें एक जगाधरी बस स्टैंड से महाराजा अग्रसेन (स्टेशन) चौक वाया यमुनानगर बस स्टैंड व दूसरा जगाधरी बस स्टैंड से महाराजा अग्रसेन (स्टेशन) चौक वाया महाराजा अग्रसेन चौक जगाधरी रहा।
इनमें जगाधरी बस स्टैंड से महाराजा अग्रसेन (स्टेशन) चौक वाया महाराजा अग्रसेन चौक जगाधरी को खत्म दो इलेक्ट्रिक एसी बसें छह मार्च से जगाधरी-छछरौली रूट पर लगाई गईं, जिसे यमुनानगर-छछरौली रूट कर दिया गया है। यानी रूट को यमुनानगर से छछरौली वाया जगाधरी कर दिया गया है। इसके अलावा दूसरे जगाधरी बस स्टैंड से महाराजा अग्रसेन (स्टेशन) चौक वाया यमुनानगर बस स्टैंड रूट पर पहले तीन इलेक्ट्रिक एसी बसें चल रही थी।
इनमे से एक बस निकाल उसे 21 अप्रैल से जगाधरी वर्कशॉप रेलवे स्टेशन से बूड़िया वाया शहीद भगत सिंह चौक रूट पर चलाया गया, लेकिन हफ्तेभर बाद ही जगाधरी वर्कशॉप रेलवे स्टेशन से बूड़िया वाया शहीद भगत सिंह रूट बंद कर दिया गया। इस रूट से हटाई बस को दोबारा जगाधरी बस स्टैंड से महाराजा अग्रसेन (स्टेशन) चौक वाया यमुनानगर बस स्टैंड रूट पर लगा दिया गया है। इससे इस रूट पर बसों की संख्या तीन होने से हर आधे घंटे बाद बस सेवा हो गई है।
ठहराव स्थलों पर बस क्यू शेल्टर नहीं बननेका खामियाजा बस के यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। बंटी, सतेंद्र, राजकुमार ने बताया कि बस के आने से पहले ठहराव स्थलों पर उसका इंतजार करते हैं। जहां बस क्यू शेल्टर नहीं हैं, सर्दियों में ज्यादा दिक्कत नहीं हुई, पर गर्मी में तेज धूप व बारिश में खड़े होकर इंतजार करना पड़ रहा है। ये परेशानी देख जल्द बस क्यू शेल्टर बनाने चाहिएं।
सिटी बस के ठहराव स्थलों पर बस क्यू शेल्टर बनाने के लिए सर्वे हो चुका है। यह कार्य जल्द कराने का प्रयास होगा। - दिवाकर सिन्हा, प्रबंधक, सिटी बस सेवा।