यमुनानगर। थाना फर्कपुर पुलिस की टीम ने अदालत से अंतरिम जमानत पर आए सजायाफ्ता कैदी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी झपटमारी के मामले में दस साल की सजा काट रहा है। आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रबंधक जनक राज ने बताया कि देर शाम वह स्वयं अपनी टीम के साथ रटौली रोड पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि कोर्ट से अंतरिम जमानत पर आया सजायाफ्ता कैदी अवैध हथियार के साथ फूंसगढ़ क्षेत्र में घूम रहा है और भागने की फिराक में है। उनकी टीम ने फूंसगढ़ गांव के पास नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद एक युवक आता दिखाई दिया। जो सामने पुलिस पार्टी को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान गांव खेड़ी रांगड़ान निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। थाना प्रबंधक ने बताया कि आरोपी झपटमारी के मामले में अदालत से 15 दिन अंतरिम जमानत पर था। जिसे एक अप्रैल को जेल पर वापस जाना था। लेकिन वह जेल जगाधरी वापस नहीं गया और फरार हो गया। जिस पर अदालत ने उसके वारंट जारी किए हुए थे। थाना प्रबंधक ने बताया कि आरोपी पर पहले भी आबकारी अधिनियम सहित तीन अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं जो न्यायालय में विचाराधीन है।