Controversy over Gurdwara Thada Sahib deepens, local committee demands police to stop Daduwal
- फोटो : Yamuna Nagar
(यमुनानगर) रादौर। झीवरहेड़ी गांव स्थित गुरुद्वारा थड़ा साहिब पर दावेदारी को लेकर एक महीने बाद फिर लोकल कमेटी व हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के बीच विवाद खड़ा हो गया है। हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष बलजीत सिंह दादूवाल द्वारा सोमवार को गुरुद्वारा थड़ा साहिब में आने की घोषणा किए जाने के बाद बड़ी संख्या में संगत रविवार को गुरुद्वारे में पहुंची। इस अवसर पर एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें 11 सदस्यीय अंतरिम कमेटी के सदस्य अपार सिंह किशनगढ़ ने कहा कि बलजीत सिंह दादूवाल को गुरुद्वारा थड़ा साहिब में घुसने नहीं दिया जाएगा।
संगत दादूवाल को काले झंडे दिखाकर उसका जोरदार विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि उनकी कमेटी दादूवाल को अपना अध्यक्ष मानने से इनकार करती है। इसी साल 13 मार्च को दादूवाल भारी संख्या में पुलिस बल लेकर गुरुद्वारा थड़ा साहिब में पहुंचे थे। इससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को भारी ठेस पहुंची है। दादूवाल के गुरुद्वारा थड़ा साहिब पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद कमेटी के सदस्य अपार सिंह व लोकल कमेटी के प्रधान गुरबाज सिंह बडैच ने जिला पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल से बात की। उन्होंने कहा कि दादूवाल के गुरुद्वारे पहुंचने पर बड़ा विवाद खड़ा हो सकता है। इसलिए प्रशासन उन्हें गुरुद्वारे पहुंचने से रोके, जिसके बाद पुलिस के बड़े अधिकारी मामले को लेकर गंभीर हुए और दादूवाल से बात कर उन्हें सोमवार को गुरुद्वारा थड़ा साहिब न आने के बारे में कहा गया है।
दरअसल 13 मार्च को हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष बलजीत सिंह दादूवाल भारी पुलिस बल के साथ गुरुद्वारा थड़ा साहिब झीवरेहडी पहुंचे थे। इस दौरान गुरुद्वारे में लोकल कमेटी व हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के बीच गुरुद्वारे पर नियंत्रण को लेकर घंटों बैठक चली थी। बैठक में कोई नतीजा नहीं निकला था। जिसके बाद दादूवाल अगली बैठक में मामले का समाधान किए जाने की बात कहकर चले गए थे। बाद में लोकल कमेटी के प्रधान गुरबाज सिंह पर हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से गुरुद्वारे के हिसाब-किताब में गोलमाल किये जाने के आरोप लगाकर उन पर थाना छप्पर में मामला दर्ज किया गया था। अब एक महीने बाद फिर दादूवाल के गुरुद्वारे पहुंचने के ऐलान के बाद मामला गरमा गया है। जिसको लेकर प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है।
इस संबंध में रादौर के डीएसपी रजत गुलिया का कहना है कि यह मामला एसपी साहब की जानकारी में है। उनके द्वारा जो भी दिशा निर्देश दिए जाएंगे। उनके आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।