विधायक के माध्यम से सीएम के नाम ज्ञापन सौंपते संघ के पदाधिकारी। संघ
यमुनानगर। अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ हरियाणा, संबंधित भारतीय मजदूर संघ ने बिजली विभाग में कार्यरत अनुबंधित कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम विधायक के माध्यम से ज्ञापन भेजा। कर्मचारियों ने रोजगार सुरक्षा समेत समान सेवा सुविधाएं देने और मांगों का जल्द समाधान करने की मांग की।
संघ के पदाधिकारियों प्रदेश सचिव राज ठाकुर, जिला अध्यक्ष आशीष धीमान, जिला सचिव सुभाष राणा ने कहा कि बिजली विभाग में सैकड़ों अनुबंधित कर्मचारी लंबे समय से जोखिम उठाकर सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सिक्योरिटी ऑफ सर्विस एक्ट का लाभ देते हुए नियुक्ति पत्र जारी करने और 15 अगस्त 2024 से एरियर सहित वेतन देने की मांग की। साथ ही विभागीय रोल पर कार्यरत कर्मचारियों को समान काम-समान वेतन और महंगाई के अनुसार वेतन बढ़ोतरी का लाभ देने की मांग रखी। ज्ञापन में एचपीजीसीएल के खेदड़ और यमुनानगर थर्मल में पांच वर्ष से कार्यरत कर्मचारियों को एचकेआरएन में शामिल करने तथा पांच वर्ष से अधिक सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा अधिनियम के दायरे में लाने की मांग की गई।
कर्मचारियों ने बिजली विभाग को जोखिम वाला विभाग बताते हुए जोखिम भत्ता, नियमित कर्मचारियों की तर्ज पर चिकित्सा पॉलिसी, सेवानिवृत्ति पर सम्मान राशि और मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को नौकरी देने की मांग की। महिला कर्मचारियों को वेतन सहित बाल देखभाल अवकाश, जबकि कर्मचारियों को शिक्षा, शिफ्ट, वर्दी और एचआरए भत्ते देने की मांग भी की गई।
इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष प्रिंस बिंद्रा, प्रशांत, सुमित वर्मा, अश्वनी कश्यप, सुनील सैनी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। संघ ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। संवाद