यमुनानगर। जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने रविवार को विश्व उपभोक्ता दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में उपभोक्ताओं के अधिकारों और सुरक्षा के उपायों पर चर्चा की गई। सहायक रजिस्ट्रार नीरज वालिया ने बताया कि उपभोक्ताओं के पास सुरक्षा, सूचना, चयन, क्षतिपूर्ति निवारण और उपभोक्ता शिक्षा के अधिकार हैं। उपभोक्ता सुरक्षा अधिनियम के माध्यम से उनके हितों की रक्षा की जाती है। उपभोक्ता अपने अधिकारों के लिए आयोग के समक्ष याचिका दाखिल कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि आयोग के वर्तमान अध्यक्ष राजवीर सिंह हैं, जिन्होंने वर्ष 2024 में अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। उनके कार्यकाल में अब तक 694 याचिकाएं दाखिल हुई हैं और पूर्व की याचिकाओं सहित कुल 840 मामलों का निपटारा किया गया है। आयोग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को त्वरित और प्रभावी न्याय उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में उपभोक्ताओं को यह जानकारी भी दी गई कि यदि किसी वस्तु की खरीद-फरोख्त या सेवा में धोखाधड़ी, अनुचित व्यापार व्यवहार या कमी हो, तो वे आयोग में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इस दाैरान उपस्थित नागरिकों ने इस पहल की सराहना की और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में आयोग सदस्य जसविंद्र सिंह, सुमन राणा, एससी जिंदल, अमिता कुमारी, जसबीर राणा, मुस्ताक अली, नवीन कौशल और विकास अग्रवाल शामिल हुए।