यमुनानगर। मंडी गांव में जिला नगर योजनाकार की टीम ने चार एकड़ में बनी अवैध कॉलोनी को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। इस कॉलोनी में किए गए निर्माण व सड़कों को तोड़ दिया गया। डीटीपी राजेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तोड़फोड़ की कार्रवाई आरंभ की।
इस दौरान जगाधरी तहसीलदार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। थाना सदर यमुनानगर एसएचओ पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। डीटीपी राजेश कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि मंडी में चार एकड़ में अवैध कॉलोनी काटी जा रही है। जिसमें निर्माण कर दिए गए हैं। मिट्टी डाल कर सड़कें बनाई गई हैं। इसका पता चलने पर उन्होंने नोटिस जारी किया।
नोटिस में कॉलोनी से संबंधित दस्तावेज दिखाने को कहा। परंतु उनके पास कोई दस्तावेज नहीं था। जिस पर कार्रवाई करते हुए सड़कों को तोड़ दिया गया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में इस कॉलोनी में कोई गतिविधि की गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि वह अवैध कॉलोनी में किसी तरह का निवेश न करें। मौके पर जेई राहुल, जेई सागर, फील्ड इंस्पेक्टर अनिल कुमार मौजूद रहे।