संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ससौली माजरी गांव में अपनी ससुराल आए उत्तर प्रदेश पुलिस के कांस्टेबल के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने मामूली बात को लेकर न सिर्फ कांस्टेबल के साथ हाथापाई की, बल्कि उसकी वर्दी भी फाड़ दी और मोबाइल फोन तोड़ दिया। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कांस्टेबल राहुल हापुड़ जिले में तैनात हैं। राहुल के अनुसार वे अपनी पत्नी पूजा को लेने के लिए बुधवार को यमुनानगर आए थे। वह उस समय वर्दी में थे और रात करीब 11 बजे ट्रेन से वापस उत्तर प्रदेश लौटने वाले थे। रात करीब साढ़े नौ बजे पूजा अपनी बहन और भाभियों के साथ गली में बात करते हुए जा रही थी।
इसी दौरान वह भी उनके साथ थे। तभी गांव का युवक वैभव उर्फ जोनी वहां पहुंचा और बातचीत को लेकर टोकाटाकी करने लगा। जब महिलाओं ने उसे बीच में दखल न देने की बात कही तो आरोपी ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए थप्पड़ मारने की धमकी दी। स्थिति बिगड़ती देख उन्न्हों बीच-बचाव करने की कोशिश की। इस पर आरोपी ने हमला कर दिया।
आरोपी ने ईंट उठा ली और उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। इस हाथापाई में उनकी वर्दी फट गई और उनका मोबाइल फोन भी टूट गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गया। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिसकर्मी प्रवेश ने बताया कि मामले की जानकारी फर्कपुर थाना पुलिस को दे दी गई है। वहीं थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।