रादौर। प्रदेश सरकार की ओर से गन्ने के दाम में की गई बढ़ोतरी को नाकाफी बताते हुए कांग्रेस 16 नवंबर को रादौर में धरना-प्रदर्शन करेगी। सुबह दस बजे होने वाले इस प्रदर्शन की अगुवाई कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला करेंगे।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता एसडीएम रादौर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग करेंगे। इसी कड़ी में धरना-प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर सुदीप सुरजेवाला ने रादौर की कांबोज धर्मशाला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गन्ने के दाम में मात्र 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी कर किसानों के साथ भद्दा मजाक किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसान विरोधी है और किसानों का हर मोर्चे पर शोषण कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों को उनकी फसलों के उचित दाम दिए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शन में पहुंचने की अपील की। बैठक में पूर्व प्रदेश सचिव सतीश तेजली, सुरेंद्र मलिक, रविंद्र बबलू, शिवकुमार संधाला, प्रदीप जयरामपुर, पवन वालिया, मुकेश बेरवाल, हरपाल सुढल, संदीप सढूरा, सुरेंद्र तेजली और रोहित सुढल सहित अन्य मौजूद रहे।