जगाधरी। मानसून सीजन से पहले बाढ़ के संभावित खतरे से निपटने के लिए डीसी पार्थ गुप्ता ने जिला सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें उन्होंने शहर में नालों की सफाई 15 मई तक पूरी करने के निर्देश दिए।
डीसी ने बाढ़ आपदा राहत कार्यों के लिए जिला राजस्व अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया है। डीसी ने जिला राजस्व अधिकारी को निर्देश दिए कि आपदा प्रबंधन प्लान जल्द से जल्द अपडेट करवाएं। नगर निगम व जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के एक्सईएन को निर्देश दिए कि नालों व सीवरेज की सफाई के टेंडर एक सप्ताह में लग जाने चाहिए।
एक्शन प्लान बनाकर नाले व नालियों की सफाई करवाई जाए और 15 मई तक सभी कार्य पूरे करवाएं। उन्होंने बीडीपीओ को निर्देश दिए कि पटवारी व सरपंचों से गांव के दुर्गम स्थान चिन्हित कर लें। बाढ़ में स्थिति से निपटने के लिए नौकाओं व गोताखोरों को संसाधनों सहित मुस्तैद रखें। सिंचाई विभाग सोमनदी, पथराला नदी, यमुना नदी सहित ठोकरों व तटबंधों की सुरक्षा पुख्ता करें। संवाद