संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। चांदपुर स्थित गुरुद्वारे में ग्रंथी की नियुक्ति को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रहे विवाद को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के लिए दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से एक समिति का गठन किया है। समिति के फैसले को सभी पक्ष स्वीकार करेंगे। पुलिस की मौजूदगी में हुई इस सहमति के बाद क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।
रविवार देर रात ग्रंथी की नियुक्ति के मुद्दे पर विवाद उस समय बढ़ गया, जब हिमाचल प्रदेश से कुछ निहंग सिख गुरुद्वारे में पहुंचे। इसके बाद स्थानीय सिख समाज के लोग भी बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। दोनों पक्षों के बीच नियुक्ति को लेकर तीखी बहस हुई, जिससे कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। बताया जा रहा है कि गुरुद्वारे में वर्तमान ग्रंथी की नियुक्ति स्थानीय सिख समाज की ओर से की गई थी, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से इस पर आपत्ति जताई जा रही थी। इसी मतभेद के कारण विवाद गहराया था।
गांधीनगर थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में पूरी तरह शांति है और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं है। दोनों पक्षों ने आपसी समझौते के तहत समिति गठित की है। अब यही समिति सभी तथ्यों पर विचार कर निर्णय करेगी, जिसे सभी संबंधित पक्ष मानने पर सहमत हुए हैं। पुलिस प्रशासन भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।