मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 18 नवंबर को कलेसर नेशनल पार्क में नौ किलोमीटर तक जंगल सफारी का लुत्फ उठाएंगे। जंगल सफारी के ट्रैक को समतल कर दिया गया है। सफारी के दौरान वे दूरबीन से वन्य प्राणियों का आनंद लेंगे। इसके लिए वन्य प्राणी विभाग के पास आठ से 10 दूरबीन आ चुकी हैं। इसके अलावा ट्री हाउस भी बनाया जा रहा है।
नायब सिंह सैनी पहले ऐसे मुख्यमंत्री होंगे जो कलेसर जंगल सफारी का आनंद लेंगे। कलेसर नेशनल पार्क हिमाचल की शिवालिक की पहाड़ियों से सटा है, जोकि 11570 एकड़ में फैला हुआ है। इसमें हाथी, चीता बाघ सांभर, खरगोश, अजगर, जंगली मोर, सांभर, चीतल, हिरण, कोबरा, बंदर, लंगूर जैसे जीव जंतु हैं। कलेसर जंगल में वन्य प्राणियों पर नजर रखने के लिए चार लोहे के वॉच टावर भी बने हैं। ट्री हाउस पहली बार बनाया जा रहा है। यह ट्री हाउस तैयार किया जा रहा नए मुख्यद्वार के पास होगा। मुरादाबाद के कारीगर इसे तैयार कर रहे हैं। 18 फीट ऊंचाई पर पेड़ के ऊपर यह ट्री हाउस बनाया जाना है। ऐसे में वन्य प्राणी विभाग के कर्मचारी इस पर चढ़ कर दूरबीन से वन्य प्राणियों पर नजर रख सकेंगे।