यमुनानगर। त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सीएम फ्लाइंग और फूड सेफ्टी विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को रामपुरा स्थित बिकानेर मिष्ठान भंडार पर छापा मारा। करीब डेढ़ घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान टीम ने दुकान से छेना टोस्ट और खोया के दो नमूने लिए। इन्हें जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा।
फूड सेफ्टी ऑफिसर गुलाब सिंह ने बताया कि सीएम फ्लाइंग की ओर से मिले संदेश के बाद संयुक्त टीम मिष्ठान भंडार पहुंची थी। यहां से मिठाई और खोया के नमूने लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए विभाग की ओर से विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। लैब रिपोर्ट मिलने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।