संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सीएम फ्लाइंग की टीम ने शनिवार देर रात बिलासपुर व प्रतापनगर थाना क्षेत्र में दबिश देकर फर्जी बिलों पर खनिज सामग्री लेकर जा रहे ट्रकों को पकड़ा। कुछ के पास तो बिल और ई-रवाना भी नहीं थे। टीम ने इसकी शिकायत संबंधित थाना क्षेत्र में दी। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
सीएम फ्लाइंग से एसआई दिनेश कुमार ने बताया कि उनकी टीम ने रात को बिलासपुर व प्रतापनगर एरिया में दबिश देकर जांच की। एक ट्रक खनन सामग्री का पकड़ा गया। चालक के पास ई-रवाना नहीं था। उस ट्रक को कब्जे में लेकर यार्ड में खड़ा कराया गया। इसी तरह से एक अन्य ट्रक पकड़ा गया। जिसके पास ई-रवाना नहीं था। वह हिमाचल प्रदेश के फर्जी बिल लिए हुए था। उस ट्रक को भी कब्जे में लिया गया। खनन विभाग को सूचित किया गया है। विभाग आगामी कार्रवाई कर रहा है।