यमुनानगर। शहर के साथ लगते दड़वा माजरी गांव में सोमवार दोपहर करीब 3 बजे दो गुटों के बीच विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठियों और डंडों से हमला किया।
घटना के बाद एक पक्ष शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने पहुंच गया, लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ। आरोप है कि इसी दौरान दूसरा गुट पीछे से थाने के पास पहुंचा और पहले पक्ष के लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले से वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हमले में कुछ लोगों को चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए स्थानीय ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
घायलों का उपचार जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इलाके में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।